सारण: शिल्हौरी मंदिर में पहली सोमवारी को उमड़ेगी भीड़, प्रशासन ने कसी कमर

मंदिर परिसर में बेतरीब तरीके से कब्जा जमाए फुटपाथी वेंडरों को निर्देशित करते अधिकारी गण
मढ़ौरा के प्रसिद्ध शिल्हौरी मंदिर में श्रावणी मेले और पहली सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट है. मंदिर में बैरिकेडिंग, पुलिस बल और महिला पुलिस की तैनाती की तैयारी पूरी.
Saran News: प्रसिद्ध शिल्हौरी मंदिर में शुरू हुए श्रावणी मेले और पहली सोमवारी पर जुटने वाली संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद हो गया है. गुरुवार देर शाम स्थानीय अधिकारियों ने मंदिर परिसर और मुख्य मार्ग का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. मढ़ौरा अंचल अधिकारी कृष्ण कुमार सौरभ, राजस्व पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह और थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने संयुक्त रूप से मंदिर क्षेत्र का मुआयना किया.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए. प्रशासन ने बैरिकेडिंग वाले सभी रास्तों पर धूप से बचाव के लिए तत्काल त्रिपाल लगाने को कहा है.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को कतार में खड़े रहने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. गर्मी और धूप को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त छाया की व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया गया.
निर्धारित जगह पर ही दुकानें लगाने की हिदायत
मंदिर परिसर और मुख्य मार्ग के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अनियोजित तरीके से दुकानें लगाने वाले वेंडरों को भी सख्त निर्देश दिया. दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने को कहा गया, ताकि मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों के आवागमन में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो.
प्रशासन ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान सड़क और मंदिर परिसर के आसपास अतिक्रमण जैसी स्थिति नहीं बनने दी जाएगी.
पुरुष और महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग बैरिकेडिंग
श्रावण मास को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण का विस्तृत खाका तैयार किया है. मंदिर परिसर में पुरुष और महिला श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए बांस की मजबूत बैरिकेडिंग करायी गयी है. इससे श्रद्धालु कतारबद्ध होकर सुगमता से मंदिर में प्रवेश कर जलाभिषेक कर सकेंगे.
मुख्य सड़क से गर्भगृह तक भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी. भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग टीमों को भी सक्रिय रखा जायेगा.
महिला पुलिस बल की भी होगी तैनाती
श्रावणी मेले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारी की है. महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिये गये हैं. प्रशासन का प्रयास है कि पहली सोमवारी के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक में किसी तरह की परेशानी न हो.
मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मंदिर न्यास समिति के सचिव डॉ. जितेन्द्र कुमार, पुजारी धर्मेंद्र उपाध्याय, राजेश गुप्ता और आनंद कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन और न्यास समिति के सदस्यों से मेले के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान को लेकर भी जानकारी ली.
Also Read: बिहार में 6000 करोड़ की लागत से लगेगा स्टील प्लांट, रोजगार और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट को बढ़ावा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











