छपरा में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
Published by : Sakshi kumari Updated At : 04 Jun 2026 11:39 AM
पदाधिकारीयों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी
Saran News: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात सुगमता और अतिक्रमण उन्मूलन को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए.
Saran News: (छपरा से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट )
छपरा जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” अभियान के तहत अब अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की जाएगी. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात सुगमता और अतिक्रमण उन्मूलन को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए.
सड़क सुरक्षा को लेकर हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
बैठक में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सड़क सुरक्षा के संबंध में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सड़कों पर यातायात में बाधा बनने वाले सभी अवरोधों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर उन्हें हटाया जाए.
अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों पर अवैध पार्किंग की पहचान कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही सड़क के राइट ऑफ वे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की पार्किंग नहीं होने देने और नियमों के तहत जुर्माना लगाने को कहा गया.
राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे अवैध निर्माण होंगे ध्वस्त
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के राइट ऑफ वे के अंतर्गत निर्धारित दूरी के भीतर किसी भी प्रकार का निर्माण अनुमन्य नहीं है. जिलाधिकारी ने ऐसे सभी अवैध निर्माण और अतिक्रमणों को चिन्हित कर हटाने का निर्देश दिया. साथ ही कार्रवाई की सूची संबंधित थानों को उपलब्ध कराने और दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
एनएचएआई तैनात करेगी विशेष पेट्रोलिंग टीम
अतिक्रमण की लगातार निगरानी के लिए जिलाधिकारी ने एनएचएआई को समर्पित पेट्रोलिंग टीम तैनात करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी बेहद जरूरी है. सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को राष्ट्रीय और राज्य उच्च पथों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अपने नियमित अतिक्रमण उन्मूलन कैलेंडर में शामिल करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया है.
भूमि उपयोग नियम तोड़ने वालों पर भी होगी कार्रवाई
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे भूमि उपयोग परिवर्तन के मामलों की भी समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने भूमि उपयोग नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान कर उन पर नियमानुसार कार्रवाई करने और आवश्यक जुर्माना लगाने का निर्देश दिया. यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और जिला पुलिस की संयुक्त टीम गठित करने का निर्णय लिया गया. यह टीम अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन संचालन और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ नियमित अभियान चलाएगी.
सड़क सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने का निर्देश
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास से ही सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है. उन्होंने सभी अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के मामलों में शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति अपनाने का निर्देश दिया.
बैठक में मौजूद रहे कई वरिष्ठ अधिकारी
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात उपाधीक्षक, मोटरयान निरीक्षक, एनएचएआई के परियोजना निदेशक तथा पथ निर्माण एवं ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की.
Also Read: छपरा को जाम से मिलेगी मुक्ति, चार रेल ओवरब्रिज बदलेंगे शहर की तस्वीर, प्रक्रिया तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










