सारण के रिविलगंज में चोरी की बाइक खरीद-बिक्री करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
थाना में गिरफ्तार आरोपी
सारण जिले के रिविलगंज थाना पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करने वाले एक बड़े अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है और 2 चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं. पकड़े गए सभी आरोपित पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
Saran News: सारण जिले के रिविलगंज थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त कर ली.
गुप्त सूचना पर रात में हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार रात्रि गश्ती के दौरान सूचना मिली कि सेंगर टोला स्थित सरकारी विद्यालय के समीप कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री के लिए एकत्रित हैं. सूचना मिलते ही रिविलगंज थाना पुलिस की टीम ने मौके पर छापेमारी की.
पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपित
पुलिस टीम जब सेंगर टोला स्थित सरकारी विद्यालय के पास पहुंची तो वहां पांच लोग दो मोटरसाइकिलों के साथ खड़े मिले. पुलिस वाहन को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया.
कागजात नहीं दिखा सके, पूछताछ में चोरी की बाइक होने की बात कबूली
पुलिस ने जब मोटरसाइकिलों के वैध कागजात मांगे तो कोई भी आरोपित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. पूछताछ के दौरान सभी ने स्वीकार किया कि दोनों मोटरसाइकिल चोरी की हैं. इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.
पटना के मनेर के रहने वाले हैं सभी आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आदित्य कुमार, दीपक कुमार, सुधीर कुमार (पिता- देवकुमार राय), बिट्टू कुमार और रोहित यादव के रूप में हुई है. सभी पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के ब्रह्मचारी पोखरा, शेरपुर के निवासी बताए गए हैं.
गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह विभिन्न जिलों से चोरी की मोटरसाइकिल लाकर उनकी खरीद-बिक्री करता था. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










