सारण के तरैया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 867 लीटर देसी शराब स्प्रिट बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
तरैया थाना में जब्त कर रखे गये देसी शराब स्प्रीट
तरैया पुलिस ने नशा मुक्त सारण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 867 लीटर देसी शराब स्प्रिट बरामद की है. सामुदायिक शौचालय में छिपाकर रखी गई इस खेप के साथ एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है. एक सप्ताह में 4524 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है.
सारण: नशा मुक्त सारण अभियान के तहत वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर तरैया थाना पुलिस ने सोमवार की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 867 लीटर देसी शराब स्प्रिट बरामद की. इस दौरान फरीदनपुर गांव से दो लीटर शराब स्प्रिट के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया.
सामुदायिक शौचालय में छिपाकर रखी गई थी शराब
थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पचौड़र महादलित बस्ती स्थित सामुदायिक शौचालय में छापेमारी की. यहां कई कमरों में प्लास्टिक की दर्जनों बाल्टियों में छिपाकर रखी गई 865 लीटर देसी शराब स्प्रिट बरामद की गई.
हालांकि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए. इस मामले में एसआई दिव्या कुमारी के बयान पर अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
दो लीटर शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में फरीदनपुर गांव के झाड़ी क्षेत्र से लालबाबू नट को दो लीटर देसी शराब स्प्रिट के साथ गिरफ्तार किया गया. उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
एक सप्ताह में 4524 लीटर शराब स्प्रिट बरामद
तरैया थाना पुलिस ने बताया कि नशा मुक्त सारण अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में कुल 4524 लीटर देसी शराब स्प्रिट बरामद की गई है.
एक सप्ताह की प्रमुख बरामदगी
- चंचलिया दियारा के गन्ने के खेत से – 754 लीटर
- तरैया-मुरलीपुर गंडक नहर मार्ग से – 40 लीटर
- चंचलिया दियारा शिव मंदिर के पास पिकअप से – 1300 लीटर
- पचौड़र से रविवार रात – 1563 लीटर
- पचौड़र से सोमवार रात – 865 लीटर
- फरीदनपुर से – 2 लीटर
पांच अलग-अलग मामले दर्ज
पुलिस ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान बरामद देसी शराब स्प्रिट के मामलों में पांच अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं. फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











