सारण के मकेर में 22 हजार लीटर शराब पर चला बुलडोजर, 12 मामलों में जब्त देशी-अंग्रेजी शराब विनष्ट
जप्त शराब की थाना परीसर मे विनिष्ट करते हुए
सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने की कवायद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. 12 अलग-अलग मामलों में जब्त की गई करीब 22 हजार लीटर देशी और अंग्रेजी शराब को न्यायालय के आदेश पर जेसीबी से नष्ट कर दिया गया.
Saran News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गुरुवार को अलग-अलग 12 मामलों में जब्त करीब 22 हजार लीटर देशी और अंग्रेजी शराब को न्यायालय के आदेश पर विनष्ट कर दिया गया. यह कार्रवाई डीएसपी सविंद्र कुमार और इंस्पेक्टर नागेंद्र साहनी की निगरानी में की गई. इस दौरान थानाध्यक्ष संग्राम सिंह तथा राजस्व पदाधिकारी नवीन कुमार भी मौजूद रहे.
कंटेनर, ट्रक और अन्य वाहनों से बरामद हुई थी शराब
डीएसपी सविंद्र कुमार ने बताया कि पिछले कुछ महीनों के दौरान मकेर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में शराब जब्त की थी. बरामद शराब में देशी और अंग्रेजी दोनों प्रकार की शराब शामिल थी.
उन्होंने बताया कि यह शराब एक कंटेनर, दो ट्रक, चारपहिया वाहनों और अन्य वाहनों से बरामद की गई थी. तस्कर शराब को छिपाकर बिहार के विभिन्न जिलों में पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सघन जांच और गुप्त सूचना के आधार पर उनकी योजना विफल कर दी गई.
आधा दर्जन से अधिक तस्कर गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार शराब बरामदगी के दौरान आधा दर्जन से अधिक तस्करों और वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया था. साथ ही शराब तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी जब्त कर लिया गया.
इसे भी पढ़ें: पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20 अफसरों का ट्रांसफर
जेसीबी से गड्ढा खोदकर शराब की गई नष्ट
न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद मकेर थाना परिसर के समीप जेसीबी मशीन से गहरा गड्ढा खोदा गया. इसके बाद शराब की बोतलों और केनों को तोड़कर उनमें मौजूद शराब को गड्ढे में उड़ेलकर पूरी तरह विनष्ट किया गया.
पूरी प्रक्रिया राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई. विनष्टीकरण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई और जब्त सामग्री का मिलान करने के बाद उसे नष्ट किया गया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार के दुरुपयोग की संभावना न रहे.
शराब तस्करी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
थानाध्यक्ष संग्राम सिंह ने कहा कि मकेर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार गश्त और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. सीमावर्ती इलाकों और संदिग्ध वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं शराब की तस्करी या अवैध बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को जानकारी दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
'तस्करों का नेटवर्क तोड़ना हमारा लक्ष्य'
डीएसपी सविंद्र कुमार ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. जब्त शराब को लंबे समय तक सुरक्षित रखना चुनौतीपूर्ण होता है, इसलिए न्यायालय के आदेश के बाद उसका विनष्टीकरण किया जाता है.
उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना और राज्य में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है.
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव हत्याकांड पर तेजस्वी यादव का ऐलान, बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी RJD, परिवार को ₹5 लाख की सहायता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










