जीविका दीदियों के बीच 9.50 करोड़ का ऋण वितरित

जाब नेशनल बैंक ने सारण जिले में पहली बार प्रति स्वयं सहायता समूह को 18 लाख का ऋण स्वीकृत व वितरित किये
सोनपुर. महिला सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए पंजाब नेशनल बैंक ने सारण जिले में पहली बार प्रति स्वयं सहायता समूह को 18 लाख का ऋण स्वीकृत व वितरित किये गये. इसे जिले में बैंक लिंकेज कार्यक्रम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. सोनपुर में आयोजित ऋण वितरण समारोह में कुल 9.50 करोड़ की राशि विभिन्न स्वयं सहायता समूहों एवं लाभार्थियों के बीच वितरित की गयी. यह कार्यक्रम जीविका एवं पंजाब नेशनल बैंक के परस्पर सहयोग से संपन्न हुआ. जीविका के माध्यम से गठित स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें बचत, ऋण एवं स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं. राज्य परियोजना प्रबंधक (बैंक लिंकेज) पुष्पेंद्र सिंह तिवारी ने कहा कि बैंकिंग प्रणाली से जुड़ाव के कारण अब महिलाएं सूदखोरों एवं माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के ऊंचे ब्याज दर वाले कर्ज के जाल से मुक्त हो रही हैं. बताया कि पूर्व में अधिक ब्याज दरों पर ऋण लेने के कारण महिलाएं आर्थिक दबाव में रहती थीं, लेकिन अब बैंक से पारदर्शी प्रक्रिया के तहत कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है. समय पर ऋण अदायगी की अपील की: उन्होंने समूह की सदस्याओं से ऋण की नियमित एवं समय पर अदायगी सुनिश्चित करने की अपील की, जिससे उनकी साख मजबूत हो और भविष्य में अधिक ऋण सुविधा प्राप्त हो सके. समारोह में लखपति दीदी योजना पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया. इस योजना का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण महिला की वार्षिक आय एक लाख या उससे अधिक तक पहुंचाना है. इसके अंतर्गत चयनित दीदियों को डेयरी, बकरी पालन, मुर्गी पालन, मशरूम उत्पादन, किराना दुकान, सिलाई-कढ़ाई, खाद्य प्रसंस्करण आदि आयवर्धक गतिविधियों के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाता है. कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक अमित जोशी, सर्किल हेड श्री कुंदन श्रीवास्तव, राज्य परियोजना प्रबंधक (बैंक लिंकेज) पुष्पेंद्र सिंह तिवारी, जिला परियोजना प्रबंधक अरुण कुमार, परियोजना प्रबंधक (माइक्रो फाइनेंस) रतनदीप, प्रबंधक (माइक्रो फाइनेंस) सारण मनोज कुमार, एफआइ-नोडल प्रकाश कुमार एवं कंसल्टेंट एफआइ सारण अजीत कुमार राय की उपस्थिति रही. उप महाप्रबंधक अमित जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि बैंक और जीविका के समन्वित प्रयासों से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




