Saran News : अमनौर में आइटी मंत्री ने किया पंचायत सरकार भवन का शिलान्यास
Published by : ALOK KUMAR Updated At : 05 May 2025 9:07 PM
Saran News : अमनौर प्रखंड अंतर्गत कोरेया पंचायत स्थित साइ टोला के समीप सोमवार को पंचायत सरकार भवन का शिलान्यास किया गया.
भेल्दी. अमनौर प्रखंड अंतर्गत कोरेया पंचायत स्थित साइ टोला के समीप सोमवार को पंचायत सरकार भवन का शिलान्यास किया गया. इस अवसर पर बिहार सरकार के सूचना प्रावैधिकी मंत्री सह अमनौर के भाजपा विधायक कृष्ण कुमार उर्फ मंटू सिंह ने संयुक्त रूप से भवन की आधारशिला रखी. शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आइटी मंत्री ने कहा कि इस पंचायत सरकार भवन के निर्माण से ग्रामीणों को अब सरकारी कामकाज के लिए प्रखंड या अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. यह भवन ग्रामीण प्रशासन का स्थायी केंद्र बनेगा, जहां निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन, आवास योजना से जुड़ी जानकारी जैसी मूलभूत सेवाएं उपलब्ध करायी जायेगी. उन्होंने कहा कि इससे न केवल लोगों का समय बचेगा बल्कि आर्थिक रूप से भी लाभ मिलेगा, क्योंकि दूर-दराज़ के सरकारी दफ्तरों तक की यात्रा की जरूरत नहीं होगी. अपने संबोधन में मंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों को हर हाल में शिक्षित करें. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही परिवार और समाज को आगे बढ़ाने का सबसे प्रभावशाली माध्यम है. बच्चों को पढ़ा-लिखाकर हम उन्हें न केवल आत्मनिर्भर बनाते हैं, बल्कि पूरे समाज को समृद्धि की ओर ले जाते हैं. इस महत्वपूर्ण अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भी उपस्थिति रही. कार्यक्रम में हरेश कुमार यादव, संजीव कुमार, रामनाथ भगत, अंकित सिंह, कौशल सिंह सहित आस-पास के दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










