सारण : मुखिया की कार में आधी रात लगाई आग, धू-धू कर जलकर खाक हुई गाड़ी, गांव में दहशत

नोट: फोटो नंबर 28 सीएचपी 1 है कैप्सन होगा-धू-धू कर जलती कार
बिहार के चनचौरा में मुखिया की कार को अज्ञात उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्रतिनिधि, रसूलपुर (एकमा). सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चनचौरा पंचायत के माधोपुर गांव में सोमवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया. पंचायत की मुखिया सावित्री देवी के घर के बाहर खड़ी उनकी निजी कार में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी. घटना के समय मुखिया और उनके पुत्र घर पर मौजूद नहीं थे. आग लगने से कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.
ग्रामीणों ने देखा धू-धू कर जलती कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सोमवार देर रात करीब 12 बजे की है. सभी लोग गहरी नींद में थे, तभी अचानक तेज लपटें और जलने की आवाज सुनकर ग्रामीण बाहर निकले. लोगों ने देखा कि कार धू-धू कर जल रही है. ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा और अंदरूनी भाग पूरी तरह जल चुका था.
अग्निशमन और पुलिस को दी गई सूचना
घटना की जानकारी गांव के एक वार्ड सदस्य ने तत्काल अग्निशमन विभाग और रसूलपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी.
पुरानी रंजिश या साजिश, हर पहलू की जांच
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना किसी पुरानी रंजिश का परिणाम है या फिर राजनीतिक वर्चस्व को लेकर रची गई साजिश. पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है.
दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा
रसूलपुर थाना प्रभारी प्रिंस राज ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है. उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










