Chapra News : नगर निगम में सफाईकर्मियों की संख्या पर संदेह, जांच की उठी मांग

Updated at : 02 Mar 2025 10:05 PM (IST)
विज्ञापन
Chapra News : नगर निगम में सफाईकर्मियों की संख्या पर संदेह, जांच की उठी मांग

Chapra News : छपरा नगर निगम के प्रत्येक वार्ड के लिए सफाई एजेंसी द्वारा अनुबंध के दौरान 11-11 सफाईकर्मी उपलब्ध कराये गये थे, लेकिन वर्तमान स्थिति यह है कि हर वार्ड में केवल दो-तीन सफाई कर्मी ही नजर आते हैं.

विज्ञापन

छपरा. छपरा नगर निगम के प्रत्येक वार्ड के लिए सफाई एजेंसी द्वारा अनुबंध के दौरान 11-11 सफाईकर्मी उपलब्ध कराये गये थे, लेकिन वर्तमान स्थिति यह है कि हर वार्ड में केवल दो-तीन सफाई कर्मी ही नजर आते हैं. इस स्थिति से नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब भी किसी वार्ड आयुक्त से नालों की सफाई या किसी वैवाहिक एवं शुभ अवसर के लिए सफाईकर्मियों की मांग की जाती है, तो यही जवाब मिलता है कि कर्मी पहले से कार्यरत हैं या उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सभी 11 सफाईकर्मी वास्तव में कार्य कर रहे हैं या केवल कागजों पर उनकी हाजिरी दर्ज की जा रही है? नगर निगम और सफाई एजेंसी की पारदर्शिता पर संदेह व्यक्त करते हुए लोगों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच जिला स्तर के अधिकारियों की एक टीम गठित कर करायी जाए.

सफाई व्यवस्था पर नागरिकों की नाराजगी

शहर के भगवान बाजार निवासी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि सफाई व्यवस्था पर हर महिने करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है. वहीं दरोगा राय चौक निवासी मुकेश पांडे ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि प्रत्येक वार्ड को सफाई एजेंसी द्वारा 11 सफाई कर्मी उपलब्ध कराये गये हैं, फिर भी वार्डों में कहीं गंदगी पसरी हुई है तो कहीं जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. उन्होंने पूछा कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है? इसके अलावा गुदरी बाजार निवासी सबीना प्रवीण ने आशंका जतायी कि सफाईकर्मियों की संख्या को लेकर कोई बड़ा खेल चल रहा है या फिर नगर निगम की मॉनिटरिंग व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है. वहीं साहिबगंज सोनार पट्टी निवासी अमित स्वर्णकार ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी को इस मामले में एक विशेष जांच टीम गठित करनी चाहिए और सफाई कर्मियों की हाजिरी की फॉरेंसिक जांच करानी चाहिए.

एजेंसी का दावा, इतने कर्मी लगाये गये हैं

उनका कहना है कि निगम क्षेत्र के सभी 45 वार्डों की सफाई के लिए 680 सफाईकर्मी तैनात किये गये हैं। इनमें जमादार, सुपरवाइजर और ड्राइवर भी शामिल हैं. एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि शुरू में 622 सफाईकर्मियों के लिए टेंडर हुआ था, लेकिन निवर्तमान नगर आयुक्त के आग्रह पर इसे 635 कर्मियों तक बढ़ाया गया. इसके बाद सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए यह संख्या बढ़ाकर 680 तक कर दी गयी. एजेंसी ने किसी भी प्रकार की अनियमितता या घोटाले के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। अधिकारियों ने कहा कि यदि नगर निगम या प्रशासन को कोई संदेह है, तो सफाई कर्मियों की उपस्थिति की जांच कराई जा सकती है.

निगम के भी सफाईकर्मी लगे हैं काम पर

छपरा नगर निगम क्षेत्र की सफाई सिर्फ सफाई एजेंसी के भरोसे नहीं है, बल्कि इसमें नगर निगम के स्थायी और अस्थायी सफाईकर्मी भी शामिल हैं, जिनकी संख्या सौ से अधिक बतायी जाती है. इन कर्मियों को भी सफाई कार्य में लगाया जाता है. बावजूद इसके, शहर की सफाई व्यवस्था इतने बड़े मानव बल और हर महीने एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने के बाद भी संतोषजनक नहीं है. नागरिकों का कहना है कि कूड़ा उठाने के दौरान उसका जो वजन दर्ज किया जाता है, उसमें भी भारी गड़बड़ी की आशंका है. संभावना जतायी जा रही है कि गलत डेटा दिखाकर अधिक राशि निकाली जा रही है.

मेरे एजेंसी के सात सौ सफाईकर्मी प्रतिदिन करते हैं काम

मेरे एजेंसी के सात सौ सफाईकर्मी प्रतिदिन काम करते हैं. पहले यह संख्या 680 थी, लेकिन अधिकारियों की दबाव की वजह से अब सात सौ के लगभग हो गया है. सफाई व्यवस्था यदि गड़बड़ है, तो वार्ड में मौजूद सफाईकर्मियों की जांच होनी चाहिए. मुख्य सड़क और वीआइपी रोड के लिए अलग से सफाईकर्मी लगे हुए हैं. एजेंसी के स्तर से कोई लापरवाही नहीं हो रही है. जब कभी जांच की जरूरत पड़ेगी मैं तैयार हूं.

अतुल कुलश्रेष्ठ, मैनेजिंग डायरेक्टर, सफाई एजेंसी

मामले को गंभीरता से लिया जायेगा

आम लोग इसकी शिकायत कर रहे हैं. मैं अभी जयपुर जा रहा हूं नगर विकास विभाग के कार्यक्रम में. इस मामले को गंभीरता से लिया जायेगा. शायद इसीलिए मैंने एक बार टीआइ परेड कराया था, एक बार फिर करायी जायेगी. किसी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

लक्ष्मी नारायण गुप्ता, महापौर, नगर निगम

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन