सारण में आज से हर घर तिरंगा अभियान, 80 हजार घरों में पहुंचेगा राष्ट्रीय ध्वज; 17 अगस्त तक होंगे कार्यक्रम

Updated:
विज्ञापन

पदाधिकारी के साथ बैठक करते डीडीसी

सारण जिले में 9 से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान को जन-आंदोलन के रूप में चलाया जा रहा है. इसका लक्ष्य 80 हजार घरों तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाना और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है. अभियान के तहत विभिन्न सांस्कृतिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

विज्ञापन

Saran News: सारण जिले में आज से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-आंदोलन के रूप में चलाया जायेगा. अभियान के तहत जिला प्रशासन जिले के सभी प्रखंडों में तिरंगा ध्वज का वितरण करायेगा. प्रशासन की ओर से प्रत्येक प्रखंड में करीब चार हजार तिरंगे उपलब्ध कराये जायेंगे. इस तरह जिले के करीब 80 हजार घरों तक तिरंगा पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है.

राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभी अधिकारियों को पत्र जारी कर अभियान में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है. कला एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य हर घर तक तिरंगा पहुंचाना, ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष को यादगार बनाना और फ्लैग कोड का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना है.

जीविका दीदियों से खरीदे जायेंगे तिरंगे

अभियान के माध्यम से स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों को भी प्रोत्साहित किया जायेगा. इसके लिए तिरंगे की खरीद जीविका दीदियों से करने का निर्देश दिया गया है. सरकारी प्रावधान के अनुसार प्रत्येक प्रखंड में लगभग चार हजार राष्ट्रीय ध्वज खरीदे जायेंगे. इसके बाद ग्राम पंचायतों, जीविका स्वयं सहायता समूहों, पैक्स और स्थानीय संस्थाओं के माध्यम से तिरंगे को घर-घर तक पहुंचाया जायेगा.

गांवों में अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को भी दी गयी है. वहीं शिक्षा विभाग को स्कूलों और कॉलेजों में क्विज, परिचर्चा, देशभक्ति गीत सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश दिया गया है.

सात लाख से अधिक घरों तक पहुंचेगा जागरूकता संदेश

सारण जिले की आबादी करीब 40 लाख है. जिले में 20 प्रखंड, 318 पंचायत, 1600 से अधिक गांव और 10 नगर निकाय हैं. केवल छपरा नगर निगम क्षेत्र में ही 60 हजार से अधिक होल्डिंग हैं. पूरे जिले में कच्चे और पक्के मकानों को मिलाकर करीब सात लाख से अधिक घर होने का अनुमान है. ऐसे में प्रशासन का उद्देश्य केवल 80 हजार घरों में तिरंगा पहुंचाना ही नहीं, बल्कि जिले के सात लाख से अधिक घरों तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश पहुंचाना है.

प्रशासन की कोशिश है कि राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना हर घर तक पहुंचे और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा सारण उत्साहपूर्ण माहौल में इस अभियान में भाग ले.

9 से 17 अगस्त तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

अभियान के तहत अलग-अलग दिनों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. प्रशासन ने इसके लिए कार्यक्रमों का शेड्यूल भी जारी किया है.

  • 9 अगस्त: तिरंगा वितरण
  • 10 अगस्त: बाइक एवं साइकिल रैली
  • 11 अगस्त: तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता
  • 12 अगस्त: तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी
  • 12 अगस्त: तिरंगा यात्रा एवं प्रभात फेरी
  • 12 अगस्त: ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान
  • 13 अगस्त: वंदे मातरम् का सामूहिक गायन
  • 14 अगस्त: सरकारी भवनों पर रोशनी
  • 15 अगस्त: सांस्कृतिक कार्यक्रम
  • 16 अगस्त: ऑनलाइन क्विज
  • 17 अगस्त: प्रदर्शनी, सेमिनार अथवा संगोष्ठी

इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिले के लोगों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न सामाजिक संगठनों को अभियान से जोड़ने की तैयारी की गयी है. जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात


विज्ञापन
संजय भारद्वाज

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन