सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और संगठन की मजबूती पर जोर
बैठक में शामिल शिक्षक
सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ ने संगठन को मजबूत बनाने और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की. बैठक में शिक्षकों के हित में हुए कार्यों के लिए पदाधिकारियों को बधाई दी गई और आगामी प्रमंडलीय समीक्षा बैठक की तैयारियों पर भी जोर दिया गया.
Saran News: सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव की अध्यक्षता में लक्ष्मी नारायण लाइब्रेरी में आयोजित की गयी. बैठक में संगठन की मजबूती, शिक्षकों की समस्याओं और बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की प्रस्तावित प्रमंडलीय समीक्षा बैठक की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गयी.
प्रखंड स्तर पर शिक्षकों की समस्याएं जुटाने का निर्देश
संघ के प्रधान सचिव सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया. साथ ही पूर्व में हुई बैठकों के निर्णयों और कार्यों की समीक्षा की गयी. उन्होंने कहा कि सारण जिले के शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए संघ लगातार प्रयासरत है. इसके बावजूद शिक्षकों की कई समस्याएं अब भी बनी हुई हैं.
उन्होंने सभी प्रखंड अध्यक्षों और पदाधिकारियों से सक्रियता के साथ काम करने की अपील की. पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने प्रखंड के शिक्षकों की समस्याओं को संग्रहित कर जिला कमेटी को सौंपें, ताकि संबंधित समस्याओं को उचित स्तर पर उठाकर समाधान कराने का प्रयास किया जा सके.
शिक्षकों के हित में हुए कार्यों पर पदाधिकारियों को दी बधाई
बैठक में संघ की ओर से शिक्षकों के हित में किए गए कार्यों की भी चर्चा की गयी. पदाधिकारियों ने बताया कि संघ के लगातार प्रयास के बाद शिक्षकों को नगर आवास भत्ता मिलने का रास्ता साफ हुआ है. मातृत्व अवकाश के दौरान शिक्षिकाओं का वेतन बंद नहीं होने और शनिवार को विद्यालय में हाफ डे किए जाने जैसे निर्णयों पर भी संघ के पदाधिकारियों को बधाई दी गयी.
प्रमंडलीय समीक्षा बैठक की तैयारी पर चर्चा
बैठक में बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से आयोजित होने वाली प्रमंडलीय समीक्षा बैठक की तैयारियों पर भी चर्चा की गयी. संगठन की आगामी गतिविधियों और शिक्षकों की समस्याओं को मजबूती से उठाने की रणनीति पर पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे.
बैठक में सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव, प्रधान सचिव सुरेंद्र सिंह, उप प्रधान सचिव मंजीत तिवारी, वरीय उपाध्यक्ष संजय कुमार राय, उपाध्यक्ष अजीत सिंह और आमोद यादव, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष फौज़िया नाहिद, संयुक्त सचिव मनीष कुमार, सचिव नीरज कुमार, भीष्म प्रसाद यादव, कोषाध्यक्ष सुमन प्रसाद, कार्यालय सचिव विनय कुमार तिवारी, सदर सचिव संजीव कुमार, अध्यक्ष मुकेश यादव, ज्योति और अखिलेश सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.
इसके अलावा अमनौर से मुकेश यादव, दरियापुर से राजकिशोर राय, अजीत यादव, रिविलगंज प्रखंड अध्यक्ष केशव नारायण यादव, सचिव अमरनाथ, नगर सचिव रितेश पांडे, अहमद राजा, सुशील यादव, आजादी प्रणव, नगरा अध्यक्ष उमेश यादव, दिघवारा अध्यक्ष अनिल यादव और मांझी से रामजीत राम ने भी बैठक में अपने विचार रखे.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











