सारण के अमनौर में एटीएम कार्ड बदलकर 30 हजार की ठगी, मदद के बहाने बदला कार्ड

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

ATM Card Fraud: सारण जिले के अमनौर में एसबीआइ एटीएम पर ठगी का नया मामला सामने आया है. एक ठग ने मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदला और पीड़ित के खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए. पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

विज्ञापन

ATM Card Fraud: स्थानीय थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड स्थित एसबीआइ शाखा के पास एटीएम में कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है. ठग ने कार्ड साफ करने के बहाने एटीएम कार्ड बदल दिया और खाते से 30 हजार रुपये की निकासी कर ली. घटना के बाद पीड़ित ने अमनौर थाने में शिकायत दर्ज करायी है.

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के परमानंद छपरा गांव निवासी शिवजी साह के पुत्र गणेश साह गुरुवार को कॉलेज रोड स्थित एसबीआइ एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे. उन्होंने एटीएम मशीन में कार्ड डालकर रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश निकासी नहीं हो सकी.

मदद के नाम पर ठग ने बदला कार्ड

इसी दौरान एटीएम के अंदर पहले से मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के नाम पर गणेश साह को अपने झांसे में ले लिया. उसने एटीएम कार्ड गंदा होने की बात कही और कार्ड साफ करने के बहाने अपने हाथ में ले लिया. इसी दौरान बातों में उलझाकर आरोपी ने गणेश साह का एटीएम कार्ड बदल दिया और वहां से निकल गया.

कुछ देर बाद गणेश साह के मोबाइल पर खाते से एटीएम के माध्यम से 30 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया. मैसेज मिलते ही उनके होश उड़ गये. वह तत्काल बैंक पहुंचे, जहां खाते से रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली. एटीएम कार्ड देखने पर पता चला कि उनके पास उनका कार्ड नहीं, बल्कि किसी दूसरे व्यक्ति का कार्ड था.

शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी

घटना के बाद पीड़ित ने अमनौर थाने में शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है. वहीं प्रभारी थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि ऐसी कोई जानकारी फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं है. शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें


विज्ञापन
कुलदीप महासेठ

लेखक के बारे में

By कुलदीप महासेठ

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन