खुलासा: सीमावर्ती क्षेत्रों पर ढूंढ़े जाते हैं शराब के खरीदार, भुगतान के बाद बिहार में कर दी जाती है डिलिवरी

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 27 Jul 2018 11:36 PM

विज्ञापन

छपरा (सारण) : हरियाणा से पटना के बिहटा ले जायी जा रही 45 लाख रुपये मूल्य के विदेशी शराब के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार करने में पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है और सबसे बड़ी सफलता यह है कि पहली बार हरियाणा के शराब सप्लायर को गिरफ्तार किया गया. उक्त बातें पुलिस अधीक्षक […]

विज्ञापन

छपरा (सारण) : हरियाणा से पटना के बिहटा ले जायी जा रही 45 लाख रुपये मूल्य के विदेशी शराब के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार करने में पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है और सबसे बड़ी सफलता यह है कि पहली बार हरियाणा के शराब सप्लायर को गिरफ्तार किया गया. उक्त बातें पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में शुक्रवार को कहीं. उन्होंने कहा कि इस मामले में करीब एक दर्जन से अधिक लोगों के शामिल होने की बात सामने आयी है. गिरफ्तार तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर छापेमारी की जा रही है.

उन्होंने कहा कि अब तक केवल शराब बरामद होती थी और यहां शराब का कारोबार करने वाले पकड़े जाते थे. यह पहला अवसर है कि हरियाणा के शराब के सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर मांझी थाना की पुलिस ने जयप्रभा सेतु के पास से एक ट्रक को पकड़ा गया, जिस पर छह सौ कार्टन विदेशी शराब बरामद की गयी. इस दौरान ट्रक के चालक व खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार चालक व खलासी से पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली कि हरियाणा के पानीपत जिले के दिघौली निवासी राजेश कुमार ने शराब लोड कराया है और वह अपने दो सहयोगियों के साथ छपरा शहर के राज दरबार होटल में ठहरे हुए हैं, जिनके बताये हुए स्थान पर शराब की डिलिवरी देनी है. पुलिस ने इस सूचना के आधार पर राज दरबार होटल में छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार राजेश कुमार की पानीपत (हरियाणा) में लाइसेंसी शराब का ठेका है और वह दो सहयोगियों के साथ मिलकर बिहार के विभिन्न जिलों में शराब का सप्लाई करता था.
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों में पंजाब राज्य के तारण जिला चोला साहेब थाना क्षेत्र के निवासी सुखदेव सिंह (चालक), राजस्थान के उदयपुर जिले के भावली निवासी भेरूलाल (खलासी), हरियाणा पानीपत जिले के दिघौली निवासी राजेश कुमार, भदसाला जिले के माडियाना गांव के चांद सिंह, हरियाणा के सोनीपत जिले के गनौर थाना क्षेत्र के धावर गांव के विजेंद्र सिंह शामिल हैं. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार शराब कारोबारियों के पास से तीन मोबाइल, एक लाख रुपये का चेक एक चेक बरामद किया गया है. बरामद चेक बिहटा के यूनियन बैंक का है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छापेमारी दल में थानाध्यक्ष अनुज कुमार पांडेय, सअनि लालू प्रसाद मल्लाह एवं अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे.
शराब के िलए नकद या चेक के माध्यम से ली जाती है रकम
गिरफ्तार शराब कारोबारी ने पुलिस के समक्ष पूछताछ के कई महत्वपूर्ण राज का खुलासा किया है. हरियाणा राज्य के पानीपत जिले के दिघौली के शराब व्यवसायी ने बताया कि वह शराब को लाकर बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में रखते हैं और बिहार के शराब तस्करों से संपर्क करते हैं. खरीदार जब लेने को तैयार हो जाता है और राशि का भुगतान कर देता है तो, बिहार की सीमा में शराब से लदे ट्रक को प्रवेश कराया जाता है. राजेश ने बताया कि वह यहां होटल में रहकर शराब का आर्डर लेते हैं. शराब बिहार की सीमावर्ती क्षेत्र में आने पर नकद भुगतान लिया जाता है या बदले में जमानत के रूप में उतनी राशि की चेक लिया जाता है. इसके बाद ही शराब को वहां पहुंचाया जाता है, जहां पहुंचाने का सौदा तय रहता है. राजेश के साथ रहने वाले दोनों सहयोगी चांद सिंह तथा विजेंद्र सिंह ग्राहक खोजने का काम करते थे. बता दें कि सारण प्रमंडल के रिविलगंज, मांझी , सिसवन, रघुनाथपुर, दरौली, नौतन, विजयीपुर , भोरे , कटेया यूपी के बलिया देवरिया व पटरौवा जिले से सटे हुए है. यूपी के इन्हीं जिलों से शराब तस्करी के खेल को अंजाम दिया जाता है. खरीदार ढूंढ़ तस्कर छपरा, सीवान सहित अन्य जिलों में शराब की सप्लाई ट्रकों के माध्यम से कर देते हैं.
आर्थिक अपराध इकाई कर रही है छापेमारी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में जांच के लिए मांझी पुलिस को बिहटा भेजा गया है और इस मामले की जानकारी आर्थिक अपराध इकाई भी कर रही है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये हरियाणा के शराब सप्लायर से मिली जानकारी के आधार पर बिहटा के शराब तस्कर को गिरफ्तार करने के लिए कई स्तरों पर छापेमारी व जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई को पूरी जानकारी दी गयी है और आर्थिक अपराध इकाई ने कार्रवाई शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि जब्त चेक के आधार पर खाता धारक को चिह्नित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शराब कारोबारी के पास से बरामद मोबाइल का काल डिटेल्स भी खंगाला जा रहा है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन