नर्तकी से छेड़छाड़, फायरिंग में एक की मौत

Updated at : 20 Feb 2018 12:53 AM (IST)
विज्ञापन
नर्तकी से छेड़छाड़, फायरिंग में एक की मौत

दिघवारा : थाना क्षेत्र के कुरैया पंचायत के पगुराहा गांव में रविवार की मध्य रात्रि एक बरात में आये बरातियों व सरातियों के बीच जलमासा पर ऑर्केस्ट्रा पर गाने बजाने व नर्तकी के साथ छेड़खानी को लेकर आपसी झड़प हुई, देखते ही देखते झड़प ने उग्र रूप ले लिया जिसमें बरातियों की तरफ से फायरिंग […]

विज्ञापन

दिघवारा : थाना क्षेत्र के कुरैया पंचायत के पगुराहा गांव में रविवार की मध्य रात्रि एक बरात में आये बरातियों व सरातियों के बीच जलमासा पर ऑर्केस्ट्रा पर गाने बजाने व नर्तकी के साथ छेड़खानी को लेकर आपसी झड़प हुई, देखते ही देखते झड़प ने उग्र रूप ले लिया जिसमें बरातियों की तरफ से फायरिंग की गयी,जिस घटना में एक ग्रामीण युवक गोली लगने से घायल हो गया.

इलाज के लिए हाजीपुर ले जाने के क्रम में मौत हो गयी, वहीं लड़की का चाचा भी घायल हुआ है . घटना के बाद जलमासा पर अफरातफरी की स्थिति हो गयी और बरातियों व सरातियों में जमकर झड़प हुई. सरातियों व ग्रामीणों ने घटना के बाद कई बरातियों को अपना निशाना बनाया और बरात में आयी एक कार को क्षतिग्रस्त कर दिया. शादी संपन्न नहीं हो सकी. मृतक की पहचान उसी गांव के सुखदेव राय के पुत्र जितेंद्र कुमार(24 वर्ष) के रूप में हुई है,जबकि घायल व्यक्ति दुल्हन का चाचा लालबाबू राय बताया जाता है.

मिली जानकारी के मुताबिक पगुराहा के छिटकी बाजार निवासी ललन राय की बेटी रूबी की शादी 18 फरवरी को थी और उसके घर दरियापुर के केवटिया निवासी दारोगा प्रसाद यादव निवासी के पुत्र विनय को बरात लेकर आना था. माता-पिता न होने की वजह से विनय अपने घर की जगह अपने ननिहाल बस्तीजलाल जानपर से बरात लेकर लड़की के घर पहुंचा था. देर रात जयमाला संपन्न होने के बाद सभी बराती उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पगुराहा परिसर में बने जलमासा में पहुंचे जहां कुछ देर बाद पहले ऑर्केस्ट्रा में फरमाइशी गाना व फिर नर्तकी को छेड़ने के विवाद को लेकर बरातियों व सरातियों में झड़प हुई .

थोड़ी देर के लिए मामला शांत हुआ तो फिर एक बार दोनों पक्ष भिड़ गए, जिसमें बराती में आये लड़के का मामा हरेंद्र राय ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक ग्रामीण युवक जितेंद्र को गोली लग गयी और लड़की का चाचा घायल हो गया.घटना की जानकारी मिलने पर सोनपुर एसडीपीओ पंकज कुमार शर्मा देर रात घटनास्थल पर पहुंचे व आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत किया.

और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी का भरोसा दिया. उधर, हाजीपुर में पोस्टमॉर्टेम के बाद शव को उसके घर लाया गया जहां मृतक के शव से लिपटकर परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल था. सोनपुर एसडीपीओ पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक के पिता सुखदेव राय के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में पांच लोगों को नामजद किया गया है और पुलिस नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
गोलीबारी में जिस युवक की हुई मौत, उसकी 24 फरवरी को होनी थी शादी
मृतक के पिता के बयान पर प्राथमिकी पांच नामजद
थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि मृतक जीतेंद्र के पिता सुखदेव राय के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है जिसमें पांच लोगों के खिलाफ पुरानी रंजिश को लेकर हत्या का आरोप लगाया गया है. पुलिस के अनुसार, हत्या के लिए पुराने जमीन विवाद होने का भी संदेह है पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी.
रात में खूब हुआ बवाल, कार को बनाया निशाना, बैंड बाजा वाला गाड़ी छोड़कर भागा
ग्रामीणों के अनुसार रविवार की रात गोलीबारी की घटना के बाद पगुराहा में भगदड़ व अफरातफरी का आलम था और घटना के बाद बराती व शराती पक्ष के लोग दहशत में थे. शरातियों के अंदर गोलीबारी को लेकर आक्रोश भी था. शायद यही वजह थी कि बरात में पहुंची गाड़ियों को उन्होंने अपना निशाना बनाया और एक कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. दहशत में बैंड बाजा वाला भी ट्रॉली छोड़कर भाग खड़े हुए.
किस बंदूक से चली गोली, पता लगा रही है पुलिस
पुलिस इस बात का पता लगा रही जिस जीतेंद्र की गोली लगने से मौत हुई, उसकी मौत एक या दो गोली लगने से हुई है. ग्रामीणों के अनुसार उसे दो गोली लगी है. हालांकि इस बात का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही हो पायेगा. पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि किस बंदूक से गोली चली और उसका लाइसेंस किसके नाम से जारी है.
दूल्हे के ननिहाल से आयी थी बरात
पुलिस के अनुसार दूल्हा विनय के माता पिता की मृत्यु होने की स्थिति में उसकी बरात उसके घर दरियापुर के केवटिया की जगह उसके ननिहाल दिघवारा के बस्तीजलाल जानपर स्थित उसके ननिहाल से आया था. बराती में उसके ननिहाल के ही बहुत लोग शामिल थे. पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा पर स्टील प्लांट में लगी विनय की नौकरी के कारण ही उसका रिश्ता पगुराहा की रूबी के साथ तय हुआ था, मगर गोलीबारी की घटना ने विवाह में ही खलल डाल दिया और शादी नहीं हो सकी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन