पूसा थाना पर महिला के पिटाई के विरोध में ग्रामीणों ने किया हंगामा

थाना परिसर में हंगामा करते ग्रामीण। | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के पूसा थाना क्षेत्र में एक महिला से कथित मारपीट के आरोप को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को थाना पहुंचकर हंगामा किया. पुलिस ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि महिला से पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था.
Samastipur News: पूसा थाना क्षेत्र के महमदपुर देवपार पंचायत के भराव टोला के सैकड़ों ग्रामीणों ने रविवार को थाना पहुंचकर एक महिला के साथ कथित मारपीट के आरोप को लेकर हंगामा किया. हालांकि, पुलिस का कहना है कि संबंधित महिला को पूछताछ के बाद पहले ही छोड़ दिया गया था और मारपीट के आरोप पूरी तरह निराधार हैं.
हिरासत में मारपीट का लगाया आरोप
ग्रामीणों का आरोप था कि पूछताछ के दौरान महिला पुलिस पदाधिकारी ने महिला के साथ मारपीट की. हंगामे की सूचना पर मौजूद स्थानीय बुद्धिजीवियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया. इसके बाद ग्रामीणों का जत्था थाना से लौट गया और मामले की शिकायत जिला स्तर पर करने की बात कही.
चोरी कांड की जांच के दौरान महिला से हुई थी पूछताछ
पुलिस के अनुसार, एक सप्ताह पहले आधार विज्ञान एवं मानविकी संकाय में कार्यरत वैज्ञानिक डॉ. निधि के घर से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, कपड़े, बर्तन और अन्य सामान की चोरी हुई थी. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस जांच कर रही है.
इसी क्रम में डॉ. निधि के यहां करीब 20 वर्षों से दाई का कार्य करने वाली महिला को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था.
पुलिस ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने हिरासत में महिला के साथ मारपीट के आरोपों को पूरी तरह असत्य और निराधार बताया. उन्होंने कहा कि चोरी के मामले में मिली सूचना के आधार पर महिला से पूछताछ की गई थी और पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया.
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है तथा पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










