Samastipur Police Death Case: मारपीट में घायल सेवानिवृत्त होमगार्ड की मौत, परिजनों ने उठाई दोषियों पर कार्रवाई की मांग
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस व एफएसएल की टीम
Samastipur Police Death Case: कर्पूरीग्राम में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल सेवानिवृत्त होमगार्ड राघवेंद्र झा की इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों ने पट्टेदारों पर धारदार हथियार से हमला करने और लूटपाट का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की है. जानिए पूरी खबर…
समस्तीपुर से अंकुर की रिपोर्ट
Samastipur Police Death Case: जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र स्थित रघुनाथपुर बेला वार्ड संख्या-15 में बीते 5 मई को हुई मारपीट की घटना में घायल सेवानिवृत्त होमगार्ड की रविवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान गांव के ही स्वर्गीय गणेशानंद झा के 62 वर्षीय पुत्र राघवेंद्र झा के रूप में हुई है. मौत की खबर मिलते ही कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है. मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं.
मिट्टी भराई के विवाद में पट्टेदारों ने किया था हमला
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार बीते 5 मई को सेवानिवृत्त होमगार्ड राघवेंद्र झा अपने घर के पीछे मिट्टी भराई का काम करा रहे थे. इसी दौरान उनके एक पट्टेदार ने अपने परिवार के लोगों के साथ आकर गाली-गलौज शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लाठी, डंडे और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में राघवेंद्र झा, उनके भाई मनोज झा और पुत्र गोविंद झा गंभीर रूप से घायल हो गए थे. आरोपियों पर गोविंद झा के ग्राहक सेवा केंद्र में घुसकर 50 हजार रुपये लूटने का भी आरोप है.
अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां राघवेंद्र झा की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया था. इसके बाद से शहर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. रविवार शाम अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई. परिजन उन्हें दरभंगा के डीएमसीएच ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का पुलिस ने दिया भरोसा
परिजनों ने स्थानीय पुलिस से सभी नामजद दोषियों को अविलंब गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है. कर्पूरीग्राम के थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है और एफएसएल की रिपोर्ट के आधार पर भी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं. थानाध्यक्ष ने दावा किया कि सभी नामजद आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










