Samastipur News: सिंधिया घाट पुल के समानांतर बनेगा नया पुल, रोसड़ा के विकास को मिलेगी रफ्तार

Updated:
विज्ञापन
Samastipur News rosera-new-high-level-rcc-bridge-budhi-gandak-project-approved

प्रस्तावित नक्शे की तस्वीर

Samastipur News: रोसड़ा में बूढ़ी गंडक नदी पर नया हाई लेवल आरसीसी पुल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. पथ निर्माण विभाग ने परियोजना को 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल किया है. इससे यातायात सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

रोसड़ा से मनोज कुमार की रिपोर्ट

Samastipur News: रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. बूढ़ी गंडक नदी पर मौजूदा सिंधिया घाट पुल के समानांतर एक नए हाई लेवल आरसीसी पुल के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है. पथ निर्माण विभाग ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल कर लिया है. लंबे समय से बेहतर आवागमन की मांग कर रहे लोगों के लिए यह फैसला अहम माना जा रहा है.

बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने की तैयारी

पथ निर्माण विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, वर्तमान सिंधिया घाट पुल पर लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते हुए नया पुल बनाने की योजना तैयार की गई है. प्रस्तावित पुल मौजूदा पुल से करीब एक किलोमीटर डाउनस्ट्रीम बनाया जाएगा, जिससे लोगों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सके.

विश्वकर्मा चौक से जुड़ेगा नया पुल

विभागीय प्रस्ताव के अनुसार नया हाई लेवल आरसीसी पुल विश्वकर्मा चौक (एसएच-55) से शुरू होकर बूढ़ी गंडक नदी के पूर्वी तटबंध तक पहुंचेगा. पुल के साथ एप्रोच पथ का भी निर्माण किया जाएगा. पूरी परियोजना की लंबाई करीब 900 मीटर निर्धारित की गई है.

विधायक के अनुरोध पर बनी योजना

बताया जा रहा है कि रोसड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार ने क्षेत्र में बेहतर यातायात सुविधा और लोगों की परेशानी को देखते हुए नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखा था. इसके बाद विभागीय स्तर पर इसकी समीक्षा की गई और इसे आगामी कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया.

लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

स्थानीय लोगों का मानना है कि नया पुल बनने के बाद आवागमन आसान होगा, जाम की समस्या कम होगी और आसपास के ग्रामीण इलाकों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है. अब लोगों की नजर इस परियोजना के निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी है.

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन