Samastipur News: महायज्ञ के अंतिम दिन बदमाशों का तांडव, ताबड़तोड़ फायरिंग से मची अफरातफरी

Updated:
विज्ञापन
Samastipur News-morwa-rudra-mahayagya-clash-two-groups-firing-ganesh-sahni-murder-accused

आपस में भिड़ते दो गुटों के युवक

Samastipur News: मोरवा अंतर्गत लोदीपुर में रुद्र महायज्ञ के अंतिम दिन झूले के विवाद में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और हवाई फायरिंग हुई. चर्चित हत्याकांड के आरोपी पर गोलीबारी का आरोप है. पुलिस जांच में जुटी है. जानिए खबर विस्तार से…

विज्ञापन

Samastipur News: मोरवा हलई थाना क्षेत्र की बाजितपुर करनैल पंचायत के लोदीपुर में आयोजित नौ दिवसीय रुद्र महायज्ञ के अंतिम दिन बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया. मेले में लगे झूले पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. इस मामले में दोनों तरफ से भीषण मारपीट शुरू हो गई और इसी क्रम में सरेआम फायरिंग की घटना को भी अंजाम दिया गया, जिससे पूरे मेला क्षेत्र में अफरातफरी और भगदड़ मच गई.

बाइक सवार युवक के हंगामे से बढ़ा विवाद

घटना के बारे में बताया जाता है कि शनिवार की रात्रि को 9 दिवसीय रुद्र महायज्ञ का समापन हो रहा था, जिसके कारण मेले में काफी भीड़भाड़ थी. इसी क्रम में अचानक एक बाइक सवार युवक ने आकर वहां हंगामा शुरू कर दिया. बात धीरे-धीरे बढ़ने लगी और दोनों पक्ष के लोग गोलबंद हो गए. इसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई और युवकों पर ताबड़तोड़ प्रहार होने लगे, जिससे मेला परिसर में चीख-पुकार मच गई.

आरोपी पर फायरिंग का आरोप

मारपीट के दौरान ही अचानक हवाई फायरिंग की कई आवाजें सुनाई दीं, जिससे लोग जान बचाकर भागने लगे. स्थानीय लोगों का बताना है कि ताजपुर थाना क्षेत्र के चर्चित गणेश सहनी हत्याकांड के एक नामजद आरोपी ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया है और उसी के द्वारा सरेआम गोलीबारी की गई है. ग्रामीणों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि हत्याकांड का आरोपी पुलिस की नजरों से ओझल चल रहा है और उसने यज्ञ में आकर गोलीबारी कर दी, लेकिन प्रशासन इसे अनसुना कर रहा है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हो सका है.

कमेटी ने कराया मामला शांत, जांच में जुटी हलई थाना पुलिस

सरेआम हुई इस गुंडागर्दी के बाद यज्ञ कमेटी के प्रबुद्ध लोगों ने काफी समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया. ग्रामीणों का कहना है कि 9 दिनों तक महायज्ञ पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में चला, लेकिन अंतिम दिन बदमाशों द्वारा मचाया गया उपद्रव बेहद निंदनीय है. हलई थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है. हालांकि, अब तक इस मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है.

समस्तीपुर के मोरवा से मनोज वर्मा की रिपोर्ट

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन