समस्तीपुर: मिड-डे मील से सुधरेगी सेहत, स्कूलों में रसोइयों को दी जाएगी विशेष ट्रेनिंग
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 18 May 2026 12:58 PM
सांकेतिक तस्वीर
Samastipur News: सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षा विभाग 'रसोइया मार्गदर्शिका' बांटेगा. इस गाइड बुक से रसोइयों और एचएम को बच्चों के भोजन में जरूरी पोषण और स्वच्छता बनाए रखने की ट्रेनिंग मिलेगी. जानिए खबर विस्तार से…
Samastipur News: जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अब और भी अधिक स्वादिष्ट, पौष्टिक और स्वच्छ मध्याह्न भोजन (एमडीएम) मिलने जा रहा है. स्कूलों में मिड-डे मील व्यवस्था को पूरी तरह से सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. अब सभी रसोइयों, प्रधानाध्यापकों (एचएम) और भोजन सप्लाई करने वाले एनजीओ को एक विशेष ‘रसोइया मार्गदर्शिका’ (कुक बुकलेट) उपलब्ध कराई जाएगी. जिला एमडीएम निदेशालय को यह पुस्तिकाएं प्राप्त हो चुकी हैं, जिनका जल्द ही प्रखंडवार वितरण शुरू होगा.
स्वच्छता के नियमों की मिलेगी जानकारी
डीपीओ एमडीएम सुमित कुमार सौरभ ने बताया कि यह मार्गदर्शिका मिड-डे मील को बेहतर बनाने की एक पूरी गाइड है. इस पुस्तिका के जरिए रसोइयों और स्कूल प्रबंधन को महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी. इसमें बच्चों की उम्र के हिसाब से भोजन में कैलोरी और प्रोटीन की सटीक मात्रा, भोजन पकाने से लेकर परोसने तक साफ-सफाई के अनिवार्य नियम और सब्जियों के पोषक तत्व नष्ट न होने देने की सही विधि बताई गई है. इससे तय मेनू का बेहतर पालन हो सकेगा.
शिक्षा विभाग की अनूठी पहल
अक्सर स्कूलों में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर आने वाली शिकायतों को दूर करने में यह व्यवस्था कारगर होगी. डीईओ कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने कहा कि इस मार्गदर्शिका का मुख्य उद्देश्य बच्चों को ऐसा खाना देना है जो उनके शारीरिक और मानसिक विकास में मददगार साबित हो. इसके लिए स्कूलों में रसोइयों के लिए एक संक्षिप्त ओरिएंटेशन प्रोग्राम भी आयोजित किया जाएगा, ताकि वे इस गाइड बुक के नियमों को आसानी से समझ सकें.
समस्तीपुर से गिरिजा नंदन शर्मा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










