समस्तीपुर के 100 प्रतिभागी पटना पहुंचे, चुनावी प्रक्रिया में तकनीक और युवाओं की भूमिका पर होगा मंथन
टीम लीडर व छात्र -छात्राएं | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर से 100 प्रतिभागियों का जत्था पटना के ज्ञान भवन में आयोजित राज्यस्तरीय निर्वाचन कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के लिए रवाना हुआ। जानिए पूरी खबर।
समस्तीपुर न्यूज: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय सम्मेलन में शामिल होने के लिए समस्तीपुर जिले से 100 प्रतिभागियों का विशेष दल पटना रवाना हुआ. समाहरणालय परिसर से प्रतिभागियों को ज्ञान भवन, पटना के लिए भेजा गया. सम्मेलन में निर्वाचन प्रक्रिया में शिक्षा जगत की भूमिका और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर चर्चा होगी. जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों से चुने गये प्रतिभागी इसमें हिस्सा ले रहे हैं.
शिक्षा और चुनावी प्रक्रिया पर होगी चर्चा
राज्यस्तरीय सम्मेलन का मुख्य फोकस चुनावी प्रक्रिया में शैक्षणिक संस्थानों और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर है. सम्मेलन में चुनावी साक्षरता क्लबों को मजबूत करने, विद्यार्थियों में मतदान और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ाने समेत कई विषयों पर चर्चा होगी. इसके साथ ही आधुनिक तकनीक के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जानकारी दी जायेगी.
ECI NΕΤ जैसे प्लेटफॉर्म पर दिया जाएगा जोर
सम्मेलन में ECINET जैसे तकनीकी प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल के माध्यम से युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर रहेगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में चुनावी साक्षरता बढ़ाने के साथ उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी देना है. अधिकारियों के अनुसार, ऐसे कार्यक्रम युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया को करीब से समझने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भागीदारी बढ़ाने में मदद करेंगे.
अधिकारियों को दी गयी जिम्मेदारी
प्रतिभागियों को समय पर पटना पहुंचाने और उनके सुगम आवागमन के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. इसके लिए सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को जरूरत के अनुसार सहयोगी अधिकारी के रूप में नामित किया गया है. समाहरणालय से रवाना होने के दौरान प्रतिभागियों में सम्मेलन को लेकर उत्साह नजर आया.
छात्र और शिक्षक भी जतायेंगे भागीदारी
समस्तीपुर से रवाना होने वाले प्रतिभागियों में सृजन, अदिति राज, साक्षी, दिव्या भारती, नेहा कुमारी और रोशन कुमार समेत कई छात्र शामिल हैं. टीम में समस्तीपुर बीआरसी के प्रतीक कुमार, डीएवी पब्लिक स्कूल समस्तीपुर की वरीय विज्ञान शिक्षिका रंजीता रंजन और वीमेंस कॉलेज की एनएसएस पदाधिकारी डॉ. रिंकी कुमारी भी शामिल हैं. सम्मेलन के माध्यम से जिले के प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया, चुनावी साक्षरता और तकनीकी नवाचारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढे़ं:
समस्तीपुर रेल मंडल में बढ़ी यात्रियों की आवाजाही, एक साल में 6.08 करोड़ लोगों ने की रेल यात्रा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









