समस्तीपुर रेल मंडल में बढ़ी यात्रियों की आवाजाही, एक साल में 6.08 करोड़ लोगों ने की रेल यात्रा
AI जेनरेटेड इमेज
समस्तीपुर रेल मंडल की आय में 19.04 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंडल की उपलब्धियां गिनाईं. यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ 23 अमृत भारत स्टेशनों पर विकास कार्य भी जारी है.
समस्तीपुर रेलवे: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडल रेल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. समारोह के दौरान उन्होंने समस्तीपुर रेल मंडल की उपलब्धियों और वित्तीय प्रगति की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में मंडल की कुल आय 1495 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष के 1256 करोड़ रुपये की तुलना में 19.04 प्रतिशत अधिक है.
एक साल में 1 करोड़ से ज्यादा यात्रियों ने की यात्रा
डीआरएम ने बताया कि समस्तीपुर मंडल में यात्रियों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है. वर्ष 2024-25 में करीब 5 करोड़ 5 लाख यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा की सुविधा मिली थी. वहीं, 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 6 करोड़ 8 लाख हो गई. मंडल में यात्री ट्रेनों के परिचालन में भी वृद्धि दर्ज की गई है.
वर्ष 2024-25 में कुल 82,222 यात्री ट्रेनों का परिचालन हुआ था, जबकि 2025-26 में 91,923 यात्री ट्रेनें चलीं. इस तरह ट्रेनों के परिचालन में करीब 11.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.
त्योहारों में 1.58 करोड़ यात्रियों को मिली स्पेशल ट्रेन की सुविधा
डीआरएम ने बताया कि होली, दशहरा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का परिचालन किया गया. वर्ष 2025-26 में करीब 1 करोड़ 58 लाख यात्रियों को त्योहार स्पेशल ट्रेनों की सुविधा उपलब्ध कराई गई.
23 अमृत भारत स्टेशनों पर चल रहा काम
समस्तीपुर मंडल के क्षेत्र में 23 अमृत भारत स्टेशनों के पुनर्विकास का काम चल रहा है. इनमें छह स्टेशनों पर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 17 स्टेशनों पर काम प्रगति पर है. रेलवे की ओर से स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है.
बीसीएन वैगन माल उतराई में मंडल शीर्ष पर
डीआरएम ने बताया कि बीसीएन वैगन माल उतराई के मामले में समस्तीपुर मंडल पूरे भारतीय रेलवे में शीर्ष स्थान पर है. वहीं, विद्युत एवं कर्षण वितरण विभाग की ओर से अनुरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इसके परिणामस्वरूप प्रति 100 ट्रैक किलोमीटर विफलता में भी काफी कमी आई है.
सवारी एवं माल डिब्बा यांत्रिक विभाग में कोच होल्डिंग में 26.15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. इसके बावजूद कोच डिटैचमेंट और अन्य विफलताओं की संख्या में कमी दर्ज की गई है.
कार्यक्रम में कौन-कौन रहे मौजूद?
समारोह में मुख्यालय शाखा, कारखाना एवं स्टोर शाखा, लोको शेड और आउटडोर शाखा के कर्मी मौजूद रहे. इसके अलावा समस्तीपुर जंक्शन, रेल पुलिस कार्यालय, प्रधान डाकघर, जिला सहकारिता बैंक और ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन कार्यालय में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया.
यह भी पढे़ं:
एक साल से गायब मार्शल, गैराजों में तलाश फिर भी सुराग नहीं... अब पुलिस के चक्कर क्यों लगा रहा पीड़ित?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









