एक साल से गायब मार्शल, गैराजों में तलाश फिर भी सुराग नहीं... अब पुलिस के चक्कर क्यों लगा रहा पीड़ित?

Updated:
विज्ञापन

समस्तीपुर के शंभू कुमार राय की मार्शल गाड़ी एक साल से लापता है. भाई पर गाड़ी बेच देने का आरोप है. पुलिस जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है. पीड़ित ने वरीय अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है.

विज्ञापन

Samastipur News: मोरवा हलई थाना क्षेत्र के केशोनारायणपुर निवासी शंभू कुमार राय की मार्शल गाड़ी करीब एक साल से लापता है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है. पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर गाड़ी की खोजबीन और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी. पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की, लेकिन अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है. इससे परेशान पीड़ित ने अब वरीय अधिकारियों से गुहार लगाई है.

Morwa News: एक साल से गायब है मार्शल गाड़ी

पीड़ित के अनुसार मार्शल गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर WB20G2023 है. काफी समय से इस गाड़ी का इस्तेमाल उसके भाई नागेंद्र राय द्वारा किया जा रहा था. आरोप है कि शंभू कुमार राय की अनुपस्थिति में भाई ने किसी व्यक्ति के हाथों गाड़ी बेच दी.

बाद में इसकी जानकारी मिलने पर पीड़ित ने संभावित स्थानों पर गाड़ी की तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली.

पुलिस ने शुरू की मामले की पड़ताल

गाड़ी नहीं मिलने के बाद शंभू कुमार राय ने पुलिस से शिकायत की. आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की. हलई थाना में मामले की जांच कर रहे पिंकू कुमार ने बताया कि गाड़ी की तलाश में कई गैराजों में भी जांच की गई, लेकिन अब तक वाहन का कोई पता नहीं चल सका है.

प्राथमिकी दर्ज नहीं होने से पीड़ित परेशान

पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है. इस कारण उन्होंने वरीय अधिकारियों का दरवाजा खटखटाया है. उनका कहना है कि गाड़ी का पता लगाना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके.

गलत इस्तेमाल हुआ तो बढ़ सकती है परेशानी

पीड़ित ने आशंका जताई है कि यदि गायब मार्शल गाड़ी का इस्तेमाल किसी गलत काम में किया गया तो परेशानी उसके लिए बढ़ सकती है. इसी वजह से वह लगातार पुलिस से वाहन की तलाश तेज करने और मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगा रहा है.

पुलिस ने कहा, जांच जारी है

पुलिस के अनुसार गाड़ी की तलाश और पूरे मामले की पड़ताल जारी है. संभावित स्थानों और गैराजों में जांच की जा रही है. वाहन का पता चलने और जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें:मां जानकी की जन्मभूमि पहुंचकर भावविभोर हुए मुख्य चुनाव आयुक्त, बोले- बार-बार आना चाहूंगा


विज्ञापन
Manoj Kumar Verma

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar Verma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन