16वीं वित्त आयोग की वार्षिक कार्ययोजना पारित, जनसमस्याओं पर गरमाई पंचायत समिति बैठक

बैठक में मौजूद प्रमुख व अन्य | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के सिंघिया प्रखंड में पंचायत समिति की बैठक प्रमुख बिरजू साह की अध्यक्षता में हुई. 16वीं वित्त आयोग की वार्षिक कार्ययोजना सर्वसम्मति से पारित की गई और जनसमस्याओं पर गहन चर्चा हुई.
Samastipur News: सिंघिया प्रखंड परिसर स्थित पंचायत समिति भवन में शनिवार को प्रमुख बिरजू साह की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में 16वीं वित्त आयोग की वार्षिक कार्ययोजना को सर्वसम्मति से पारित किया गया. इसके साथ ही पंचायतों में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की गई और क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई.
विकास योजनाओं को मिली मंजूरी
बैठक के शुरुआती सत्र में 16वीं वित्त आयोग के तहत प्रस्तावित जनहित की योजनाओं पर बिंदुवार चर्चा की गई. सदन में मौजूद मुखिया और पंचायत समिति सदस्यों ने सर्वसम्मति से कार्ययोजना को मंजूरी दी. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राशि का उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर प्राथमिकता के साथ किया जाएगा.
अधिकारों और कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
योजनाओं के पारित होने के बाद मुखिया संघ के अध्यक्ष चंद्रमणि सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से मुखिया और पंचायत समिति सदस्य अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिससे पंचायतों की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है और विकास कार्यों पर असर पड़ रहा है.
आंगनबाड़ी, खाद, बिजली और शिक्षा के मुद्दे उठे
बैठक में जिन क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं हैं, वहां नए भवन निर्माण का प्रस्ताव रखा गया. साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में कथित अनियमितताओं और अवैध उगाही के मुद्दे भी उठाए गए.
जनप्रतिनिधियों ने कृषि कार्य के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिलने और बाजार में यूरिया खाद की कमी पर चिंता जताई. सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और अन्य कमियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया.
समन्वय से विकास कार्यों में तेजी लाने की अपील
बैठक के समापन पर प्रमुख बिरजू साह ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ विकास योजनाओं को गति देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की.
बीडीओ विवेक रंजन और बीपीआरओ कृष्ण कुमार सिंह ने योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर दिया. संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी शिक्षा, बिजली और आपूर्ति से जुड़े मामलों पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया.
बैठक में उप प्रमुख रिंकू सिंह, बीईओ मनोज झा, बिजली विभाग के जेई शशि शेखर सिंह, एमओ उत्कर्ष दुबे, राम प्रवेश साहू, रिंकी देवी सहित सभी मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










