विभूतिपुर के भरपुरा से बरामद हुआ समस्तीपुर जंक्शन से चोरी हुआ बच्चा

Author Aman gautam|Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन

समस्तीपुर जंक्शन से लापता हुआ तीन वर्षीय बच्चा केतन कुमार विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा गांव के पास लावारिस हालत में सकुशल बरामद कर लिया गया है. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने बच्चे को उसके माता-पिता को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

विज्ञापन

Samastipur News: समस्तीपुर जंक्शन से लापता हुआ तीन वर्षीय बच्चा केतन कुमार विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा गांव के पास लावारिस हालत में सकुशल बरामद कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, बच्चे को वहां छोड़कर अज्ञात व्यक्ति फरार हो गया. मामले में आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

स्थानीय लोगों की सूचना पर मिला बच्चा

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना मिली कि सिंघियाघाट के पास भरपुरा बगीचा में एक बच्चा लावारिस हालत में मिला है. बच्चे की तस्वीर परिजनों को भेजी गई, जिसके बाद उन्होंने उसकी पहचान केतन कुमार के रूप में की.

सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ समस्तीपुर की टीम विभूतिपुर थाना पुलिस के सहयोग से मौके पर पहुंची और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया.

कैमरा फुटेज और मोबाइल डेटा से हो रही जांच

रेल थाना अध्यक्ष बीरबल कुमार ने बताया कि बच्चे को ले जाने वाले अज्ञात व्यक्ति की अब तक पहचान नहीं हो सकी है. उसकी पहचान के लिए रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मोबाइल टावर डंप डेटा की जांच की जा रही है.

उन्होंने बताया कि बरामद बच्चे को फिलहाल उसके माता-पिता के संरक्षण में थाना में रखा गया है. न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे विधिवत परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, कंचन देवी अपने तीन वर्षीय पुत्र केतन कुमार के साथ समस्तीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर थीं. वह यात्री बेंच पर सो गईं, जबकि बच्चा वहीं खेल रहा था.

शिकायत के अनुसार, इसी दौरान एक अज्ञात 40-50 वर्षीय व्यक्ति बच्चे को कुरकुरे खिलाने के बहाने गोद में उठाकर अपने साथ ले गया. कुछ देर बाद जब कंचन देवी की नींद खुली तो बच्चा गायब था. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला.

इसके बाद कंचन देवी ने रेल थाना समस्तीपुर में लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.

जांच में जुटी पुलिस टीम

मामले की जांच में सब इंस्पेक्टर पी.के. चौधरी, बालमुकुंद कुमार, राधेश्याम सहित जीआरपी और आरपीएफ की टीम शामिल है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन