कस्तूरबा विद्यालय में उषा स्मृति सम्मान समारोह, मेधावी छात्राएं सम्मानित

सम्मान समारोह को संबोधित करते विधायक आश्मेघ देवी
समस्तीपुर के कस्तूरबा बालिका विद्यालय में उषा स्मृति सम्मान समारोह आयोजित किया गया. माध्यमिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया. समारोह में शिक्षा में समर्पण और लक्ष्य प्राप्ति के महत्व पर जोर दिया गया.
Samastipur News: प्रखंड के कस्तूरबा बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभागार में उषा स्मृति के तत्वावधान में शनिवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया. समारोह में माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया.
विधायक अश्वमेघ देवी ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि समस्तीपुर विधायक अश्वमेघ देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के सेवानिवृत्त वैज्ञानिक डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की, जबकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक विमलेश कुमार झा ने अतिथियों का स्वागत किया.
छात्राओं को लक्ष्य के अनुसार विषय चुनने की सलाह
छात्राओं को संबोधित करते हुए विधायक अश्वमेघ देवी ने कहा कि अभिभावकों के मार्गदर्शन का सम्मान करना चाहिए और अपनी रुचि के अनुसार विषय का चयन करने से बेहतर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि मेहनत और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बल पर बेटियां समाज, जिला और राज्य का नाम रोशन कर सकती हैं.
उन्होंने उषा स्मृति सम्मान की सराहना करते हुए कहा कि विदेश में कार्यरत डॉ. पल्लवी अपनी सास की स्मृति में लगातार दो वर्षों से मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर प्रेरणादायी कार्य कर रही हैं.
शिक्षा में समर्पण और प्रेरणा पर जोर
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि शिक्षकों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ शिक्षण कार्य करना चाहिए. उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का सदैव सम्मान रहा है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से समाज का विकास संभव है.
वहीं, बीस सूत्री अध्यक्ष रणधीर कुमार ने कहा कि ईमानदारी और परिश्रम का फल हमेशा मीठा होता है तथा विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए.
नौ छात्राओं को किया गया सम्मानित
समारोह का संचालन शिक्षक अजीत कुमार ने किया. इस अवसर पर माध्यमिक परीक्षा की विद्यालय स्तरीय प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली तीन छात्राओं के अलावा इंटरमीडिएट कला एवं विज्ञान संकाय की तीन-तीन मेधावी छात्राओं को प्रमाण-पत्र और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में जयशंकर ठाकुर, संतोष कुमार, शंभू प्रसाद सिंह, जूली झा, रानी कुमारी, बेबी कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, सुनीता कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, सम्मानित छात्राओं के अभिभावक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










