फर्जी शूटिंग बुकिंग के बहाने रांची की वीडियोग्राफी टीम से 8 लाख रुपये के उपकरण चोरी

Author Ankur kumar|Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन
प्रतीकात्मक AI तस्वीर

प्रतीकात्मक AI तस्वीर

समस्तीपुर में एक वीडियोग्राफी टीम को फर्जी शूटिंग बुकिंग के बहाने बुलाया गया. होटल आर्या में उन्हें कमरा दिया गया, जहाँ से करीब आठ लाख रुपये के महंगे कैमरे, ड्रोन और अन्य उपकरण चोरी हो गए. पीड़ित टीम ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन

Samastipur News: शहर के स्टेशन रोड स्थित होटल आर्या में फर्जी शूटिंग बुकिंग के बहाने रांची से आई एक वीडियोग्राफी टीम के करीब आठ लाख रुपये मूल्य के कैमरे, ड्रोन और अन्य पेशेवर उपकरण चोरी हो गए. मामले में पीड़ित टीम ने नगर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

एडवांस भेजकर समस्तीपुर बुलाया

पीड़ित अमरजीत जराव, करण महतो, पवन लकड़ा और ज्योतिष कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 15 जुलाई को एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर वीडियो शूटिंग के लिए उनकी टीम से संपर्क किया. विश्वास दिलाने के लिए अगले दिन आरोपी ने यूपीआई के माध्यम से पांच हजार रुपये एडवांस भी भेज दिए.

तय कार्यक्रम के अनुसार टीम 18 जुलाई की सुबह मौर्या एक्सप्रेस से समस्तीपुर पहुंची.

खुद को होटल कर्मी बताकर दिलाया कमरा

शिकायत के अनुसार, सुबह करीब 6:45 बजे पवन कुमार दुबे नाम बताने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें होटल आर्या पहुंचने को कहा. होटल पहुंचने पर एक व्यक्ति ने खुद को रिसेप्शन कर्मी बताते हुए टीम को कमरा संख्या 206 और 207 आवंटित कर दिया.

टीम के सदस्य फ्रेश होने के बाद कमरे में ताला लगाकर नाश्ता करने बाहर चले गए. कुछ देर बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि कैमरे, ड्रोन, लेंस, गिम्बल समेत सभी महंगे उपकरण गायब हैं, जबकि उनके बैग कमरे में ही पड़े थे.

होटल पहुंचने पर हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा

पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने होटल के वास्तविक रिसेप्शन पर जानकारी ली, तब पता चला कि कमरा आवंटित करने वाला व्यक्ति होटल का कर्मचारी ही नहीं था. होटल कर्मियों ने बताया कि उसी व्यक्ति को सामान लेकर होटल से बाहर जाते देखा गया था.

कैमरे, ड्रोन और महंगे उपकरण चोरी

पीड़ितों के अनुसार चोरी हुए उपकरणों में कैनन आर-6 मार्क-2, कैनन आर-8 कैमरा, डीजेआई मिनी-4 प्रो ड्रोन, कैनन के 35 एमएम, 50 एमएम, 85 एमएम और 24-105 एमएम लेंस, डीजेआई आरएस मिनी गिम्बल सहित अन्य पेशेवर उपकरण शामिल हैं. इनकी कुल कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है.

सीसीटीवी और कॉल डिटेल जांच की मांग

पीड़ितों ने पुलिस से कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच, होटल के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर आरोपितों की पहचान करने और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.


विज्ञापन
Ankur Kumar

लेखक के बारे में

By Ankur Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन