CBI रेड में पिस्टल और कारतूस बरामद, रिश्वत मामले में बढ़ीं अधिकारी की मुश्किलें

सांकेतिक तस्वीर
समस्तीपुर रेल मंडल कार्यालय में कार्यरत एपीओ-2 अरुण कुमार मंडल के सरकारी आवास से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक पिस्टल, दो मैगजीन और नौ कारतूस बरामद किए हैं. यह खुलासा घूस लेते हुए गिरफ्तारी के बाद हुई छापेमारी में हुआ.
Samastipur News: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जांच के दौरान समस्तीपुर रेल मंडल कार्यालय में पदस्थापित एपीओ-2 अरुण कुमार मंडल के सरकारी आवास से एक पिस्टल, दो मैगजीन और 7.65 एमएम के नौ कारतूस बरामद किए गए हैं. इस मामले में CBI पटना की टीम के अधिकारी सुनील कुमार सिंह के आवेदन पर समस्तीपुर नगर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
सरकारी आवास की तलाशी में मिला हथियार
CBI के आवेदन के अनुसार पटना से आई टीम ने समस्तीपुर रेल मंडल के ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित सरकारी आवास (क्वार्टर संख्या-689) की तलाशी ली. जांच के दौरान बेडरूम में रखी अलमारी से एक पिस्टल, दो मैगजीन और नौ कारतूस बरामद किए गए. बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया गया है.
घूसकांड की जांच के दौरान हुआ खुलासा
गौरतलब है कि गुरुवार को CBI की टीम ने एपीओ-2 अरुण कुमार मंडल को कार्यालय में 50 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद टीम ने उनके सरकारी आवास पर भी छापेमारी की, जहां से अवैध हथियार और कारतूस मिलने का मामला सामने आया.
नगर थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि CBI के आवेदन के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. जब्त हथियार और कारतूस को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा गया है. पुलिस और CBI पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में विभूतिपुर में कैंडल मार्च, छात्र-युवाओं का प्रदर्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










