आशिक का नहीं, नशेड़ी का बरामद किया गया था अधजला शव
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 02 Jul 2024 10:22 PM
करीब दो हफ्ते पूर्व शौच को गये डुमरी दक्षिणी गांव निवासी कुछ लोगों ने खेतों में एक युवक का अधजला शव देखा था. पेट्रोल छिड़कर शव की पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी.
मोहनपुर : पटोरी डीएसपी ने प्रेसवार्ता कर मंगलवार को बरामद किये गये अधजले शव का खुलासा किया. डुमरी दक्षिणी पंचायत के दियारे में खेत से बरामद जिस शव की पहचान वैशाली जिले के नवादा खुर्द निवासी आमोद चौधरी ने अपने बेटे सन्नी कुमार के रूप में की थी सच्चाई यह निकली कि वह शव मोहनपुर थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी कंचन कुमार उर्फ राजेश राय का निकाला. उल्लेखनीय है कि करीब दो हफ्ते पूर्व शौच को गये डुमरी दक्षिणी गांव निवासी कुछ लोगों ने खेतों में एक युवक का अधजला शव देखा था. पेट्रोल छिड़कर शव की पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी. स्थानीय तौर पर पूछताछ के बाद शव की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए उसे समस्तीपुर भेज दिया था. दूसरे दिन गंगाब्रिज थाना के आमोद चौधरी नामक व्यक्ति ने उस शव की पहचान अपने 19 वर्षीय बेटे सन्नी कुमार के रूप में की थी. इस संबंध में एक प्राथमिक दर्ज कराते हुए सहदुल्लापुर निवासी तीन व्यक्तियों पर अपने पुत्र की हत्या किये जाने का आरोप लगाया था. बताया था कि नामजद आरोपियों ने प्रेम संबंध के कारण उसके पुत्र की हत्या कर शव को जलाकर फेंक दिया है. मंगलवार को डीएसपी वीरेंद्र कुमार मेधावी ने इस संबंध में प्रेसवार्ता कर स्थानीय संवाददाताओं को बताया कि वैशाली जिले के गंगाब्रिज थाना क्षेत्र अंतर्गत नवादा खुर्द गांव निवासी आमोद चौधरी ने अपने जिस बेटे की हत्या की प्राथमिक की दर्ज कराई थी, वह इस घटना के हफ्ते भर बाद बक्सर रेलवे स्टेशन के समीप से अपने प्रेमिका के साथ गिरफ्तार किया गया. उसके बाद बरामद शव का स्थानीय संबंध होने का संदेह गहराने लगा. पुलिस को पहले से अनुमान था कि करीब 45 किलोमीटर दूर नवादा खुर्द गांव के युवक की हत्या डुमरी दक्षिणी में नहीं की जा सकती. पुलिस शव का तार स्थानीय होने से जोड़ने का प्रयास कर रही थी. जिस युवक की हत्या की प्राथमिक दर्ज कराई गई थी, उसके बक्सर से गिरफ्तार होने के बाद पुलिस की एक टीम बनायी गयी. टीम ने कई बिंदु पर पड़ताल तेजी से शुरू कर दी. इसी क्रम में मालूम हुआ कि अधजला शव जलालपुर गांव निवासी 20 वर्षीय कंचन कुमार उर्फ राजेश राय का था. उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार किये गये उसके भाई मिथिलेश कुमार एवं सुरेंद्र राय ने बताया कि कंचन कुमार उर्फ राजेश राय रोज नशापान करता था. घर में आकर गालीगलौज एवं मारपीट करता था. हत्या का अपराध स्वीकार करते हुए मृतक के भाई एवं पिता ने बताया कि उसके गले में रस्सी का फंदा लगाकर उसकी हत्या की गई. पहचान छुपाने की नियत से घर से कुछ किलोमीटर की दूरी पर ले जाकर शव को जला दिया गया. डीएसपी ने बताया कि मृतक के भाई एवं पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










