ePaper

भूमि विवाद में फायरिंग, सेवानिवृत्त रेल कर्मी की मौत, छात्र नेता सहित दो की हालत नाजुक

Updated at : 08 Jun 2024 11:45 PM (IST)
विज्ञापन
भूमि विवाद में फायरिंग, सेवानिवृत्त रेल कर्मी की मौत, छात्र नेता सहित दो की हालत नाजुक

मुफस्सिल थानाक्षेत्र के जितवारपुर चौथ सपना टोला वार्ड 17 में शनिवार सुबह एक निजी आवासीय परिसर की भूमि पर जमीन के सीमांकन और दखल कब्जे को लेकर दो पक्षों में तनातनी हो गई.

विज्ञापन

फोटो : 07 समस्तीपुर : मुफस्सिल थानाक्षेत्र के जितवारपुर चौथ सपना टोला वार्ड 17 में शनिवार सुबह एक निजी आवासीय परिसर की भूमि पर जमीन के सीमांकन और दखल कब्जे को लेकर दो पक्षों में तनातनी हो गई. इस दौरान पड़ोस के रहने वाले एक युवक ने घटनास्थल पर शांति समझौता कराने पहुंचे पंचों के समक्ष ही दूसरे पक्ष के लाेगों पर तोबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरु कर दी. दरवाजे पर चढ़कर एक सेवानिवृत रेलकर्मी, उसके पुत्र और एक रिश्तेदार को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. अंधाधुंध फायरिंग के बाद घटनास्थल पर लोग जान बचाने के लिए इधर- उधर भागे. इसी बीच आरोपित वहां से हथियार लहराते हुए भाग निकला. बाद में स्थानीय लोगों के सहयोग से जख्मियों को तत्काल सदर अस्पताल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. जहां स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने सेवानिवृत रेलकर्मी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, मृतक के पुत्र और रिश्तेदार को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रेफर कर दिया. मृतक की पहचान जितवारपुर वार्ड 17 निवासी स्व. रामगोविंद राय के 70 वर्षीय पुत्र सेवानिवृत्त रेलकर्मी देवनारायण राय के रूप में हुई है. वहीं, जख्मियों की पहचान मृतक के 45 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र राय और उनके साला कोरबद्धा गांव के वैद्यनाथ राय के 25 वर्षीय पुत्र मुलायम सिंह यादव बताई गयी है. जख्मी मुलायम सिंह यादव अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के स्थानीय नेता और समस्तीपुर काॅलेज समस्तीपुर में छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष भी हैं. जख्मी साला- बहनोई दोनों को पेट में गोली लगी है. शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है. इधर, घटना की सूचना पर दलबल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष पिंकी प्रसाद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. सदर अस्पताल में एएसपी संजय पाण्डेय ने जख्मी के परिजनों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली. घटनास्थल से पुलिस को एक खोखा बरामद हुआ. आरोपित घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है. पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश बना रही है. एएसपी संजय पाण्डेय ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है. जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जायेगा. पंचाें ने कराया था विवादित जमीन का सीमांकन मुफस्सिल थानाक्षेत्र के जितवारपुर चौथ सपना टोला वार्ड 17 में एक निजी आवासीय भूमि पर जमीन के सीमा विवाद में पड़ोस के रहने वाले एक युवक ने पंचों के समक्ष ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर 70 वर्षीय बुजुर्ग सेवानिवृत रेलकर्मी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी. वहीं मृतक के पुत्र और एक रिश्तेदार को भी गोली मारकर जख्मी कर दिया. घटना के बाद आसपास दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार मृतक देवरानायण राय और उनके पड़ोसी शत्रुघ्न राय उर्फ पटपक के बीच पिछले कई माह से आवासीय परिसर की जमीन पर सीमा विवाद था. दोनों का घर एक-दूसरे से काफी नजदीक है. मृतक के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को स्थानीय पूर्व पंचायत प्रतिनिधि और पंचों ने दोनों पक्ष को बुलाकर सुलह समझौता की बात हुई थी. जिसके बाद दोनों पक्ष में सहमति बनने पर पंचों ने विवादित जमीन पर सीमांकन करा दिया और सीमा रेखा पर जमीन के अंदर सिलाब लगवा दिया. शुक्रवार सुबह देवनारायण राय और उनके पुत्र सीमांकन के अनुसार दरवाजे पर अपने हिस्से की जमीन में मजदूरों से पिलर लगवा रहे थे. इस दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां आकर विवाद बढ़ा दिये. फिर तत्काल पंचाें को बुलाया गया. पूर्व पंचायत प्रतिनिधि और पंच दोनों पक्ष में सुलह समझौते की बात कर रहे थे. इस दौरान एक पक्ष के एक युवक ने पंचों के समक्ष ही कमर से पिस्टल निकालकर दूसरे पक्ष के लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरु कर दिया. इसमें दूसरे पक्ष के पिता-पुत्र और एक रिश्तेदार को गोली मारकर जख्मी कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज जख्मी मुलायम सिंह यादव ने पुलिस को बताया कि फायरिंग करने वाला युवक जितवारपुर गांव का ही विकास उर्फ जिला राय है. थानाध्यक्ष पिंकी प्रसाद ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. आरोपितों की संभावित ठिकानों पर दबिश बनाई जा रही है. जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया है. प्रत्यक्षदर्शी ने बताया आंखों देखा हाल घटनास्थल पर प्रत्यक्षदर्शी सह पूर्व पंचायत प्रतिनिधि चंदन कुमार ने बताया कि शनिवार को घटना से एक दिन पूर्व ही दोनों पक्षों में सुलह समझौता की बात हुई थी. दोनों पक्ष में सहमति बनने के बाद पंचों ने विवादित जमीन की मापी करावा कर सीमारेखा बना दिया. ताकि दुबारा उस जमीन पर विवाद नहीं हो. शुक्रवार को सूचना मिली की दोनों पक्ष में फिर विवाद हो गया. घटनास्थल पर दोनों पक्ष के लोगों को शांत करा रहा था. इस दौरान दूसरे पक्ष के एक युवक ने कमर से पिस्टल से निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. पुलिस थाना में नहीं की गई थी शिकायत जितवारपुर चौथ सपना टोला में विवादित जमीन पर दखल कब्जे को लेकर हत्या और फायरिंग की घटना से आसपास तनाव का माहौल है. बताया जाता है कि स्थानीय पुलिस को पहले से इस घटना के बारे में कोई शिकायत या आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था. स्थानीय स्तर पर दोनों पक्ष पंचों को बुलाकर सुलह समझौते का प्रयास कर रहे थे. इसी बीच पंचों के सामने ही एक युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर दूसरे पक्ष के लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरु कर दी. जिस घटना की पहले से कोई उम्मीद नहीं थी. बताया जाता है कि आरोपित का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है. घटना से आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर चौथ वार्ड 17 में शनिवार को भूमि विवाद में गोली मारकर सेवानिवृत्त रेल कर्मी की हत्या के बाद घटनास्थल पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. घटना के वक्त आरोपित युवक ने मृतक के पुत्र व एक रिश्तेदार को भी गोली मारकर जख्मी कर दिया है. घटना के बाद देर शाम आक्रोशित लोगों ने चांदनी चौक के समीप समस्तीपुर- रोसड़ा मार्ग में सड़क जाम कर दिया. इस दौरान सडक पर टायर जलाकर आगजनी भी की. मृतक के परिजन और आसपास के लोग स्थानीय पुलिस प्रशासन से आरोपित को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे. सूचना पर दलबल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष पिंकी प्रसाद ने जाम स्थल पर लोगों से वार्ता की. घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त बल को तैनात किया गया है. समाचार प्रेषण तक सड़क जाम समाप्त नहीं हुआ था. स्थानीय पुलिस लोगो को समझाने में जुटी थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन