समस्तीपुर: झखड़ा में 1259 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद, पिकअप चालक गिरफ्तार

छापेमारी में जब्त शराब और केन बीयर के साथ उत्पाद विभाग की टीम | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में मद्य निषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1259 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है. इस मामले में एक पिकअप चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शराब का मालिक फरार हो गया है.
Samastipur News: जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के झखड़ा गांव में मद्य निषेध विभाग ने गुरुवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 1259.04 लीटर अंग्रेजी शराब एवं केन बीयर बरामद की. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में शराब लदी एक पिकअप को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि जिस घर के परिसर से शराब बरामद हुई उसका गृहस्वामी फरार हो गया.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि झखड़ा गांव निवासी दिलीप राय के घर के परिसर में एक पिकअप वाहन पर शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है. सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक हरिनंदन कुमार पाल के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की.
तलाशी के दौरान घर की चारदीवारी के भीतर खड़े पिकअप से विभिन्न ब्रांड की 1259.04 लीटर अंग्रेजी शराब एवं केन बीयर बरामद की गई.
चालक गिरफ्तार, गृहस्वामी फरार
मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के कांटी लसंडा निवासी सुजीत कुमार के रूप में हुई है. वह अशोक चौधरी का पुत्र है. वहीं छापेमारी के दौरान गृहस्वामी दिलीप राय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार चालक और फरार गृहस्वामी के विरुद्ध समस्तीपुर उत्पाद थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. जब्त शराब के साथ पिकअप वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है. गिरफ्तार चालक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
उन्होंने बताया कि पूछताछ में चालक ने शराब तस्करी से जुड़े गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है. उसकी निशानदेही पर कई संदिग्ध तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.
छापेमारी दल में अवर निरीक्षक हरिनंदन कुमार पाल, सिपाही साकिब खान सहित मद्य निषेध विभाग के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










