Samastipur News:चार दिनों से लापता युवक का पोखर में उपलाता मिला शव

मोहनपुर थाना क्षेत्र के लंगड़ा चौक के समीप नरुई पोखर में रविवार की सुबह चार दिनों से लापता युवक का उपलाता शव मिलने से हड़कंप मच गया.
Samastipur News:मोहिउद्दीननगर : मोहनपुर थाना क्षेत्र के लंगड़ा चौक के समीप नरुई पोखर में रविवार की सुबह चार दिनों से लापता युवक का उपलाता शव मिलने से हड़कंप मच गया. युवक की पहचान दशहरा पंचायत के वार्ड 5 निवासी संजय राय के पुत्र ऋतिक कुमार (20) के रूप में की गई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. परिजनों ने बताया कि युवक 16 अक्टूबर से घर से लापता था. उसकी काफी खोजबीन की गई परंतु पता नहीं चल सका. समय बीतने के साथ परिजनों को कई तरह की आशंका गहराने लगी. अचानक रविवार की सुबह पंचायत के मुखिया श्रवण साह को किसी ने पोखर में एक युवक का उपलाता हुआ शव होने की जानकारी दी. मुखिया ने इसकी तहकीकात कर घटना की जानकारी परिजनों को दी. परिजन बदहवास दौड़े भागे पोखर के पास पहुंचे तो मृतक की पहचान की गई. इसके बाद परिजनों के बीच कोहराम मच गया. घटना की जानकारी ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को दी. ग्रामीणों व पुलिस की मदद से शव को पोखर के पानी से बाहर निकाला गया. इधर, विधायक राजेश कुमार सिंह घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. साथ ही परिजनों को सांत्वना दी. कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि घटना के बाबत परिजन की ओर से आवेदन देने पर कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




