सौरबाजार में मां ने दो बच्चों के साथ खाया कीटनाशक, 18 माह की मासूम की मौत, मां-बेटा अस्पताल में भर्ती

फोटो- पीड़ित का आवास व अस्पताल में विलाप करते परिजन
सौरबाजार थाना क्षेत्र के मधुरा गांव में एक मां ने अपने दो बच्चों के साथ कीटनाशक खा लिया। इस घटना में 18 महीने की बच्ची डिंपल भारती की मौत हो गई, जबकि मां और तीन साल का बेटा निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
Poison Case: सौरबाजार थाना क्षेत्र के नादो पंचायत अंतर्गत मधुरा गांव वार्ड संख्या-6 में गुरुवार को एक ही परिवार के तीन लोगों द्वारा कीटनाशक खाने का मामला सामने आया. घटना में 18 माह की बच्ची डिंपल भारती की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सोनी देवी और तीन वर्षीय भाई गोलू कुमार का इलाज सहरसा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है.
दांत दर्द के बीच हुई घटना
परिजनों के अनुसार 26 वर्षीय सोनी देवी को दांत में तेज दर्द हो रहा था. उन्होंने अपने पति लालू राम से दवा लाने को कहा. उस समय लालू राम घर के बाहर मवेशियों के लिए चारा काट रहे थे और दवा लाने में कुछ देर हो गई. इसी दौरान सोनी देवी ने कथित रूप से घर का दरवाजा बंद कर स्वयं तथा अपने दोनों बच्चों को कीटनाशक खिला दिया.
रास्ते में मासूम ने तोड़ा दम
जब लालू राम दवा लेकर वापस लौटे तो पत्नी और दोनों बच्चे अचेत अवस्था में पड़े थे. स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को इलाज के लिए सहरसा ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही 18 माह की डिंपल भारती की मौत हो गई. वहीं सोनी देवी और तीन वर्षीय गोलू कुमार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
घटना के समय घर में कोई नहीं था
बताया गया कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य धान रोपनी के लिए खेत गए हुए थे. घर में महिला और उसके दोनों बच्चे ही मौजूद थे. घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलने पर सौरबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
थानाध्यक्ष ने क्या कहा
Poison Case: सौरबाजार थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि मृत बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. आगे की कानूनी कार्रवाई भी जांच के आधार पर की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










