दानापुर-सहरसा के बीच नई रात्रिकालीन एक्सप्रेस का प्रस्ताव, रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार

Updated:
विज्ञापन
फोटो - सहरसा - सहरसा जंक्शन | Prabhat Khabar Network

फोटो- सहरसा जंक्शन | Prabhat Khabar Network

सहरसा और दानापुर के बीच यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है. पूर्व मध्य रेलवे ने एक नई रात्रिकालीन एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है. यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करेगी.

विज्ञापन

Saharsa-Danapur Night Express: सहरसा और राजधानी पटना के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने की उम्मीद जगी है. पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर ने दानापुर और सहरसा के बीच नई रात्रिकालीन एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली को स्वीकृति के लिए भेज दिया है. अंतिम मंजूरी और ट्रेन संख्या आवंटित होने के बाद इसके परिचालन की तिथि घोषित की जाएगी.

सप्ताह में तीन दिन चलेगी प्रस्तावित ट्रेन

रेलवे के प्रस्ताव के अनुसार यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी. इसका उद्देश्य दानापुर से देर रात सहरसा आने वाली ट्रेन की कमी को दूर करना और यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराना है.

संभावित समय-सारणी तैयार

प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार ट्रेन दानापुर से रात 11:30 बजे रवाना होगी. यह पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया और मानसी होते हुए सुबह 6:00 बजे सहरसा पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन सहरसा से सुबह 7:30 बजे चलेगी और दोपहर 2:25 बजे दानापुर पहुंचेगी. यात्रा अवधि क्रमशः लगभग 6 घंटे 30 मिनट और 6 घंटे 55 मिनट प्रस्तावित की गई है.

शाहपुर पटोरी मार्ग से होगा परिचालन

प्रस्तावित ट्रेन शाहपुर पटोरी रेल मार्ग से चलेगी और दानापुर से सहरसा के बीच लगभग 224 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. इसके परिचालन से सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय और हाजीपुर के यात्रियों को पटना और दानापुर के लिए एक अतिरिक्त एवं सुविधाजनक रेल सेवा मिलने की उम्मीद है.

सांसद ने भी उठाई थी मांग

Saharsa-Danapur Night Express: जानकारी के अनुसार मधेपुरा लोकसभा सांसद दिनेश चंद्र यादव ने भी पूर्व में दानापुर से सहरसा होते हुए पूर्णिया कोर्ट तक रात्रिकालीन ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे को भेजा था. अब पूर्व मध्य रेलवे ने संभावित समय-सारणी तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेज दी है.

रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद होगा अंतिम फैसला

रेलवे अधिकारियों के अनुसार फिलहाल प्रस्ताव स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड के पास भेजा गया है. खबर लिखे जाने तक इस समय-सारणी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी. अंतिम निर्णय रेलवे बोर्ड की मंजूरी और ट्रेन संख्या आवंटित होने के बाद ही लिया जाएगा.


विज्ञापन
दीपांकर श्रीवास्तव

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन