कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के छत पर लगेंगे मुफ्त में सोलर पैनल

कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के छत पर लगेंगे मुफ्त में सोलर पैनल
पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मुफ्त लगाया जायेगा सोलर पैनलः अमित कुमार सहरसा . बिजली कंपनी बहुत जल्द कुटीर ज्योति श्रेणी के उपभोक्ताओं के घर सोलर पैनल लगाकर बिजली आपूर्ति शुरू करेगी. इसे लेकर संबंधित कुटीर ज्योति श्रेणी के उपभोक्ताओं से कंपनी ने ऑनलाइन सहमति पत्र मांगा है. जानकारी अनुसार प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत चयनित उपभोक्ताओं के घरों की छत पर निशुल्क सोलर सिस्टम लगाकर बिजली आपूर्ति की जाएगी. उपभोक्ताओं से सहमति पत्र प्राप्त होने के बाद बिजली कंपनी, डिस्कॉम और रेस्को के अधिकारी स्थल निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण में स्थिति अनुकूल पाये जाने पर संबंधित उपभोक्ताओं को रूफ टॉप सोलर प्लांट के सफल क्रियान्वयन, सुचारू संचालन व इससे जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी. सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. विद्युत कार्यपालक अभियंता सहरसा अमित कुमार ने बताया कि वैसे बीपीएल परिवार जिनके पास अपना छत का घर है व जो पहले आवेदन समर्पित करेंगे उनके यहां पहले सोलर प्लेट मुफ्त में लगाया जायेगा. उन्होंने बताया कि आवेदक को सुविधा एप के माध्यम से आवेदन करना होगा. सुविधा एप में सोलर रूफ टॉप के लिए सहमति चयन करने के बाद आवेदक को सहमति देना है कि उनके घर के छत पर सोलर प्लेट लगाने के लिए वे सहमत हैं एवं रूफ टॉप सोलर को ठीकठाक से रख रखाव करेंगे. उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ लेना बहुत ही आसान है. उपभोक्ता को ऑनलाइन आवेदन करने में किसी प्रकार की कठिनाई है तो संबंधित प्रमंडल कार्यालय के सुविधा काउंटर पर आकर आवेदन समर्पित करा सकते हैं. इसके लिए बिजली का बिल एवं मोबाइल नंबर लेकर आना है. सुविधा काउंटर पर यह व्यवस्था बिल्कुल ही मुफ्त है. सहरसा प्रमंडल के कुटीर ज्योति श्रेणी के उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन कर राज्य सरकार की इस योजना का लाभ उठाएं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




