सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर यूटीएस सेवा ठप, जनरल टिकट नहीं मिलने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

फोटो- टिकट काउंटर पर टिकट कटाने की लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network
सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर तकनीकी खराबी के कारण यूटीएस सेवा पूरी तरह बंद हो गई है. इससे यात्रियों को जनरल टिकट नहीं मिल पा रहा है और उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. रेलवे को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है.
Railway News: सहरसा-मानसी रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार से यूटीएस (अनारक्षित टिकट प्रणाली) सेवा पूरी तरह बंद हो गई है. तकनीकी खराबी के कारण दोनों यूटीएस काउंटरों से जनरल टिकट जारी नहीं हो पा रहे हैं. इससे प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
तकनीकी खराबी से दोनों यूटीएस काउंटर बंद
रेलवे सूत्रों के अनुसार यूटीएस प्रणाली में लगे एडेप्टर में तकनीकी खराबी आने से टिकट निर्गत करने की प्रक्रिया प्रभावित हो गई है. सोमवार सुबह से दोनों काउंटरों पर जनरल टिकट मिलना बंद हो गया, जिससे यात्रियों को बिना टिकट यात्रा की दुविधा का सामना करना पड़ा.
14 जुलाई से एक काउंटर पहले ही था बंद
स्टेशन पर संचालित दो यूटीएस काउंटरों में से एक 14 जुलाई से तकनीकी खराबी के कारण बंद था. इसके बाद दूसरे काउंटर से किसी तरह टिकट जारी किए जा रहे थे. लेकिन सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे दूसरे काउंटर में भी खराबी आ जाने के बाद यूटीएस सेवा पूरी तरह ठप हो गयी.
सूचना पट्ट का फोटो लेकर यात्रा करने को मजबूर यात्री
यात्रियों ने बताया कि टिकट लेने के लिए काउंटर पर पहुंचने के बाद उन्हें सेवा बंद होने की जानकारी मिली. काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद जब व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो कई यात्रियों ने रेलवे द्वारा लगाए गए सूचना पट्ट का मोबाइल से फोटो खींच लिया और उसी के आधार पर यात्रा करने को मजबूर हुए.
रेलवे को भी हो रहा राजस्व का नुकसान
Railway News: दोनों टिकट काउंटर बंद रहने से रेलवे को प्रतिदिन राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है. रेलकर्मियों ने तकनीकी खराबी की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक यूटीएस सेवा बहाल नहीं हो सकी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










