वरिष्ठ चिकित्सक डॉ हरेंद्र कुमार आर्या का निधन

Updated at : 17 Mar 2026 7:08 PM (IST)
विज्ञापन
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ हरेंद्र कुमार आर्या का निधन

अनुमंडल अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर के पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व वरिष्ठ चिकित्सक 66 वर्षीय डॉ हरेंद्र कुमार आर्या का सोमवार की रात हृदय गति रुकने से निधन हो गया.

विज्ञापन

अनुमंडलीय अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सक के पद पर थे कार्यरत

सिमरी बख्तियारपुर. अनुमंडल अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर के पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व वरिष्ठ चिकित्सक 66 वर्षीय डॉ हरेंद्र कुमार आर्या का सोमवार की रात हृदय गति रुकने से निधन हो गया. उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गयी. जानकारी के अनुसार, डॉ आर्या वर्तमान में अनुमंडलीय अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सक के पद पर कार्यरत थे. सोमवार की रात वह ट्रेन से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान सुपौल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही अचानक वह गिर पड़े. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की गयी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया. स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. क्षेत्र के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं और उनके निधन को अपूरणीय क्षति बता रहे हैं. डॉ आर्या मूल रूप से सुपौल जिले के परसा गांव के निवासी थे.

अस्पताल में शोकसभा आयोजित

इधर जैसे ही अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सकों व कर्मियों को उनके निधन की सूचना मिली, पूरे अस्पताल में शोक की लहर दौड़ गयी. मंगलवार को अस्पताल के सभागार में प्रभारी उपाधीक्षक डॉ अनुपम अभिषेक दत्त के नेतृत्व में शोक सभा का आयोजन किया गया. शोकसभा के दौरान मौजूद चिकित्सकों व कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर प्रभारी उपाधीक्षक डॉ अनुपम अभिषेक दत्त ने कहा कि डॉ हरेंद्र कुमार आर्या एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं सरल स्वभाव के चिकित्सक थे. उन्होंने अपने कार्यकाल में मरीजों की सेवा को सर्वोपरि रखा. उनके निधन से स्वास्थ्य विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है. शोकसभा में पीएचसी प्रभारी डॉ आशीष कुमार, अस्पताल प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह, डॉ विजय शेखर, डॉ प्रतिभा कुमारी, डॉ शेखर वर्मा, सफदर आलम, ब्रजेश कुमार, साधु कुमार, रणवीर कुमार सहित जीएनएम, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन