सांसद दिनेश चंद्र यादव को मिला 'कोसी रत्न' सम्मान, बोले- यह मेरा नहीं, कोसी की जनता के विश्वास का सम्मान

Updated:
विज्ञापन
कोसी रत्न सम्मान से सम्मानित हुए सांसद दिनेश चंद्र यादव

फोटो - सहरसा - सांसद को कोसी रत्न से सम्मानित करते गण्यमान्य | Prabhat Khabar Network

Kosi Ratna Samman:मधेपुरा के सांसद दिनेश चंद्र यादव को सहरसा में 'कोसी रत्न' 2026 सम्मान से नवाजा गया. उन्होंने इस सम्मान को कोसी की जनता के विश्वास का प्रतीक बताया और क्षेत्र के विकास पर जोर दिया.

विज्ञापन

Kosi Ratna Samman 2026: सहरसा में रविवार को आयोजित एक सम्मान समारोह में मधेपुरा के सांसद दिनेश चंद्र यादव को वर्ष 2026 का 'कोसी रत्न' सम्मान प्रदान किया गया. कोसी विकास संघर्ष मोर्चा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद का नागरिक अभिनंदन किया गया. पुष्पवर्षा, माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया गया. समारोह में बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे.

इस अवसर पर सांसद दिनेश चंद्र यादव ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे कोसी क्षेत्र की जनता के विश्वास, संघर्ष और विकास की आकांक्षाओं का सम्मान है. उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी पहचान उसके कार्य होते हैं और जनता का विश्वास ही सबसे बड़ा पुरस्कार है.

कोसी विकास संघर्ष मोर्चा ने किया सम्मानित

जिला परिषद परिसर स्थित पूजा रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में कोसी विकास संघर्ष मोर्चा के संरक्षक प्रवीण आनंद, अध्यक्ष विनोद कुमार झा और अन्य पदाधिकारियों ने सांसद दिनेश चंद्र यादव को वर्ष 2026 का 'कोसी रत्न' सम्मान प्रदान किया.

कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद कुमार झा ने की, जबकि संचालन प्रवीण आनंद और जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रदेव मुखिया ने संयुक्त रूप से किया. समारोह के दौरान सांसद का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया.

Kosi Ratna Samman 2026: सांसद बोले, विकास कार्य ही जनप्रतिनिधि की असली पहचान

सम्मान ग्रहण करने के बाद सांसद दिनेश चंद्र यादव ने कहा कि कोसी क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर लगातार काम हो रहा है. उन्होंने विशेष रूप से सहरसा-मानसी रेलखंड के दोहरीकरण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताया.

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से रेल परिचालन अधिक सुगम होगा. यात्रियों का समय बचेगा और व्यापार, रोजगार, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी. उनका कहना था कि विकास की ऐसी परियोजनाएं पूरे कोसी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और संपर्क व्यवस्था को नई गति देंगी.

वक्ताओं ने गिनाए विकास कार्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि सांसद दिनेश चंद्र यादव ने कोसी क्षेत्र के विकास को हमेशा प्राथमिकता दी है. उनके प्रयासों से सहरसा-मानसी रेलखंड का दोहरीकरण, विभिन्न सड़क परियोजनाएं, केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, रेलवे अवसंरचना का विस्तार, कोसी नदी पर पुलों का निर्माण और सहरसा में हवाई सेवा जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है.

वक्ताओं ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का विस्तार नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर शिक्षा, रोजगार और आवागमन की सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है.

सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां

सम्मान समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम को यादगार बना दिया. शशि सरोजनी रंगमंच सेवा संस्थान के संस्थापक एवं निर्देशक कुंदन वर्मा के निर्देशन में कलाकारों ने गीत-संगीत की प्रस्तुति दी.

गायन में सुंदरम प्रजापति, सेजल यादव, मोनिका भगत और श्वेता कुमारी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों की सराहना बटोरी. वहीं अंश कुमार ने तबले और मयंक कुमार ने ऑक्टोपैड पर संगत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया.

समारोह में पूर्व विधायक सुरेंद्र यादव, पूर्व विधायक डॉ. अरुण कुमार, डॉ. रामनरेश सिंह, सीपीआई राष्ट्रीय परिषद सदस्य ओमप्रकाश नारायण, व्यापार संघ अध्यक्ष अर्जुन चौधरी, जदयू और भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: भागलपुर स्टेशन पर शुरू हुआ स्लीपिंग पॉड यात्री निवास की सुविधा, 46 बेड की सुविधा, दो स्पेशल ट्रेनों पर भी बड़ा अपडेट


विज्ञापन
Vinay Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन