सहरसा: सफाई कर्मियों ने निगम कार्यालय घेरा, जमकर की नारेबाजी

Updated:
विज्ञापन
सफाई कर्मी ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते

सफाई कर्मी नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते

सहरसा नगर निगम के सफाई कर्मियों ने बुधवार को विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. उन्होंने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की. यदि मांगें नहीं मानी गईं तो चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी गई है.

विज्ञापन

सहरसा से विनय कुमार मिश्र

सहरसा नगर निगम के सफाई कर्मियों ने बुधवार को विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशाग कुमार गब्बर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद कर्मियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की.

इन मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मियों ने पूर्व में हुए समझौते को लागू करने, वादाखिलाफी बंद करने, फर्जी सफाई कर्मियों को हटाकर आवश्यकता के अनुरूप नियुक्ति करने, समय पर वेतन भुगतान, सप्तम वेतनमान लागू करने, एसीपी का लाभ देने और एनजीओ कर्मियों का ईपीएफ जमा कराने की मांग उठाई.इसके अलावा वर्षों से लंबित दैनिक वेतनभोगियों के अंतर वेतन का भुगतान, फर्जी तरीके से सुपरवाइजर की नियुक्ति पर रोक, पेमेंट सेक्शन से अयोग्य कर्मी को हटाने तथा वाहन चालकों के वेतन में बढ़ोतरी की भी मांग की गई.

मांगें नहीं मानी गयी तो होगा आंदोलन

संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशाग कुमार गब्बर ने कहा कि सफाई कर्मियों की समस्याओं को लेकर नगर निगम प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया है. यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो सफाई कर्मी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे.

नगर आयुक्त ने बताया प्रदर्शन अनुचित

नगर आयुक्त ने प्रदर्शन को अनुचित बताते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा नियुक्त सभी 266 सफाई कर्मियों को नियमित रूप से समय पर वेतन का भुगतान किया जा चुका है. उन्होंने बताया कि नगर निगम ने पहले एनजीओ के माध्यम से भी सफाई कार्य कराया था, लेकिन कार्य संतोषजनक नहीं होने के कारण संबंधित एनजीओ की सेवा लगभग 15 दिन पहले समाप्त कर दी गई है.

काफी संख्या में पहुंचे सफाई कर्मी

प्रदर्शन के दौरान नगर निगम कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे. प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की अपील की.

ALSO READ: वैशाली और राज्यरानी समेत कई ट्रेनें होंगी 24 कोच की, सहरसा वाशिंग पिट का होगा विस्तार


विज्ञापन
पिंटू प्रणव

लेखक के बारे में

By पिंटू प्रणव

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन