ओवरटेक की होड़ बनी हादसे की वजह, महिला-बच्चों समेत कई घायल

Updated:
विज्ञापन
तस्वीर : सलखुआ,सहरसा - जख्मी बच्चे,महिला अस्पताल में इलाज कराते | Prabhat Khabar Network

जख्मी बच्चे,महिला अस्पताल में इलाज कराते | Prabhat Khabar Network

सलखुआ में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला और बच्चे घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का इलाज चल रहा है.

विज्ञापन

सलखुआ (सहरसा). सलखुआ ब्लॉक चौराहा से स्टेशन रोड पर मल्लिक टोला के समीप शनिवार को तेज रफ्तार और ओवरटेक की होड़ एक बड़े हादसे की वजह बन गयी. दो बाइक सवार एक-दूसरे को पीछे छोड़ने की कोशिश में नियंत्रण खो बैठे और सड़क किनारे बैठे लोगों को टक्कर मारते हुए गिर पड़े. इस दुर्घटना में बाइक चालकों के साथ-साथ एक महिला और छोटे-छोटे बच्चे भी घायल हो गये. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज गति में थी और आगे निकलने की प्रतिस्पर्धा में अचानक संतुलन बिगड़ गया. अनियंत्रित बाइक सीधे सड़क किनारे अपने घर के सामने चटाई पर बैठी महिला और बच्चों के बीच जा घुसी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और चीख-पुकार से माहौल गूंज उठा.

लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सीएचसी सलखुआ पहुंचाया

लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत संभाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलखुआ पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. घायलों में 28 वर्षीय सीता देवी पति रंजीत मल्लिक, 8 वर्षीय सरस्वती कुमारी, 6 वर्षीय गौरी कुमारी और 4 वर्षीय खुशबू कुमारी पिता मनोज मल्लिक शामिल है. सभी मल्लिक टोला स्टेशन रोड सलखुआ के हैं. जो घटना के समय घर के बाहर बैठी थीं. वहीं बाइक सवार 30 वर्षीय विमल कुमार, अरविंद यादव हरिपुर और 26 वर्षीय धर्मबीर कुमार पिता वकील यादव, निवासी हसुलिया, थाना कनरिया, जिला सहरसा भी इस हादसे में घायल हुए हैं. चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया है.


घटना के बाद एक बाइक सवार मौके से हुआ फरार

घटना के बाद एक बाइक सवार मौके से फरार होने में सफल हो गया. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं आम हो गयी है, जिससे आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त ट्रैफिक नियंत्रण, स्पीड मॉनिटरिंग और नियमित गश्ती की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके. हादसे के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गयी और एक बड़ी अनहोनी टल गयी.


विज्ञापन
Bashistha Kumar

लेखक के बारे में

By Bashistha Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन