शादी समारोह से लौट रहे डीजे वाहन के चपेट में आने से एक की मौत

शादी समारोह से लौट रहे डीजे वाहन के चपेट में आने से एक की मौत
गांव में शोक, पुलिस ने शुरू की मामले की छानबीन सत्तरकटैया . बिहरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनिया गांव में शुक्रवार के अहले सुबह डीजे वाहन की चपेट में आकर एक व्यक्ति का दर्दनाक मौत हो गयी. डीजे वाहन को चालक लेकर भाग गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी और पुलिस को सूचना दी गयी. मौके पर पुलिस ने पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी. मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मीनिया वार्ड नंबर तीन में भवेश यादव के पुत्री की शादी थी. जिसमें घिना वार्ड नंबर 8 निवासी किशोर यादव अपने बेटे रौशन कुमार का बारात लेकर आये थे. इसी बारात में घिना गांव से ही डीजे आया था. मृतक हीरा यादव के 25 वर्षीय पुत्र टुनटुन यादव के मोबाइल से डीजे में गाना बजाया जा रहा था. जिसपर कुछ लोग डांस कर रहे थे. सुबह करीब तीन बजे डीजे चालक गाड़ी लेकर घर जा रहा था. डीजे चालक टुनटुन यादव का मोबाइल भी लेकर डीजे बजाते भाग रहा था. विद्यापति धाम से जैसे ही आगे बढ़ा, टुनटुन यादव ने अपना मोबाइल लेने के लिए पीछा करते गाड़ी को आगे से रोकने की कोशिश की. लेकिन चालक डीजे वाहन से टुनटुन को रौंदते हुए आगे बढ़ गया. इस घटना में टुनटुन की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना को देकर लोगों की भीड़ जमा हो गयी और परिजन और पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक की पत्नी ललिता देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों में मातम छा गया और ग्रामीण शोकाकुल हो गये. मौके पर पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए ले जाने की कोशिश की. लेकिन ग्रामीण डीजे चालक को गिरफ्तार करने की जिद पर अड़े रहे. समाचार प्रेषण तक शव का अंतिम संस्कार नहीं हुआ था. पुलिस व जनप्रतिनिधि मामले की लीपापोती करने तथा मृतक को मुआवजा दिलाने में जुटे हुए थे. मृतक परदेश में रहकर मजदूरी करता था. हाल ही में घर आया था. उसकी शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी. जिसमें दो छोटे-छोटे बच्चे हैं. इस घटना से दोनों बच्चे रिया कुमारी उम्र 4 माह व संतोषी कुमारी डेढ़ वर्ष का पिता के सर से साया उठ गया है. इस मामले में थानाध्यक्ष संतोष कुमार निराला ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है. प्रतिबंध के बावजूद डीजे वालों को मिली है खुली छूट बिहार सरकार ने डीजे पर प्रतिबंध लगाया हुआ है. 10 बजे रात के बाद सुबह छह बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र को बजाना गैर कानूनी माना जाता है. लेकिन शादी समारोह हो या अन्य कई कार्यक्रम डीजे फैशन बन गया है. जिसके कारण लोगों में हार्ट अटैक का खतरा बढ़ गया है. डीजे के कारण कई लोगों की मौत हार्ट अटैक से हो गयी है. जहां डीजे पहुंचता है, वहां मारपीट होना आम बात हो गयी है. लेकिन पुलिस प्रशासन इस पर रोक नहीं लगा पाती है. लोगों के द्वारा किसी भी समारोह के आयोजन की सूचना थाना में देने का नियम बना हुआ है और पुलिस को समारोह में उपस्थित रहकर उसे शांतिपूर्ण सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गयी है. लेकिन यह सब नियम कागज के पन्नों तक ही सिमटा हुआ है. धरातल पर डीजे बजाने की खुली छूट मिली हुई है. जिसके कारण आये दिन घटनाएं होते रहती है. फोटो – सहरसा 26 – मातम में डूबे परिजन.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




