चाइल्ड हेल्पलाइन परामर्शी से लूट व अपहरण मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

चाइल्ड हेल्पलाइन परामर्शी से लूट व अपहरण मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई सहरसा. चाइल्ड हेल्पलाइन सहरसा में कार्यरत परामर्शी कृष्णा कुमार के साथ मारपीट, अपहरण और लूटपाट की घटना में सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ हन्नी भगत को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी शुक्रवार की रात बिहरा थाना क्षेत्र से की गयी. मालूम हो कि बीते बुधवार को पीड़ित खगड़िया जिला अंतर्गत चौथम थाना क्षेत्र के सहोरवा वार्ड नंबर 10 निवासी परशुराम यादव के पुत्र कृष्णा कुमार ने मामले को लेकर सदर थाना में आवेदन दिया था. जहां उसने अपने दिये आवेदन में बताया था कि बीते 23 दिसंबर की दोपहर 3 बजकर 41 मिनट पर उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने बच्चे से संबंधित जानकारी लेने के बहाने उनके गौतम नगर स्थित कार्यालय का पता पूछा. इसके बाद बार-बार फोन कर बाहर बुलाया गया. शाम करीब 4 बजकर 45 मिनट पर जैसे ही वे कार्यालय से बाहर निकले, वहां तीन बाइक पर सवार छह युवक मौजूद थे. मौजूद युवकों ने जबरन उन्हें बाइक पर बैठाने का प्रयास किया. विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गयी और जबरन बाइक पर बैठाकर पासवान टोली बीएनएनसी फील्ड से पश्चिम कोसी प्रोजेक्ट गली में ले जाया गया. वहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गयी और हत्या की धमकी देकर 7 हजार एक सौ रुपया छीन लिया गया. साथ ही और पैसे देने की धमकी देकर उन्हें छोड़ दिया गया. पीड़ित ने यह भी बताया कि घटना के बाद रात 8 बजकर 55 मिनट और 9 बजकर 46 मिनट पर दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर उन्हें धमकाया गया कि यदि थाने में शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा. बाद में जांच के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान पशुपालन कॉलोनी निवासी सुभाष भगत के पुत्र राहुल कुमार उर्फ हन्नी भगत के रूप में हुई. वहीं सदर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को बिहरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन कर्मियों में व्याप्त भय के बीच आरोपी की गिरफ्तारी से कुछ राहत मिली है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










