सहरसा में सोलर मेले का आयोजन, डीएम ने किया शुभारंभ, ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा

Updated:
विज्ञापन

फोटो - मेले का उद्घाटन करते डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network

सहरसा में आयोजित सोलर मेले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी गई। जानें सब्सिडी और आवेदन प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी।

विज्ञापन

PM Surya Ghar Yojana: सहरसा. विद्युत विभाग की ओर से शुक्रवार को विकास भवन में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार के लिए सोलर मेले का आयोजन किया गया. मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, विद्यार्थी, उद्यमी और मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए.

रूफटॉप सोलर योजना की दी गई जानकारी

अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत पात्र उपभोक्ता अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाकर बिजली उत्पादन कर सकते हैं. इससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी. साथ ही अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ भी प्राप्त किया जा सकेगा.

स्टॉलों पर मिली तकनीकी जानकारी

मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों पर विशेषज्ञों ने सोलर पैनल की कार्यप्रणाली, रखरखाव, सुरक्षा मानक, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और सरकारी सब्सिडी की विस्तृत जानकारी दी. उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया.

ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा

उप विकास आयुक्त गौरव कुमार ने लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने तकनीकी एवं वित्तीय जानकारी साझा की. वहीं विद्युत कार्यपालक अभियंता (एसटीएफ) प्रशांत कुमार ने बताया कि मेले में ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे इच्छुक उपभोक्ताओं ने मौके पर ही आवेदन प्रक्रिया शुरू की.

78 हजार रुपये तक सब्सिडी और ऋण सुविधा

अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत एक किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है. इसके अलावा लगभग सात प्रतिशत ब्याज दर पर दो लाख रुपये तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है.

स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की अपील

PM Surya Ghar Yojana: कार्यक्रम के अंत में विद्युत विभाग ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया. अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस पहल से जिले में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और अधिक से अधिक लोग सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली खर्च में कमी ला सकेंगे.

ये भी पढ़ें: आय से अधिक संपत्ति मामले में डीपीओ अजित अमर के चार ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी, पांच घंटे चली जांच


विज्ञापन
Vinay Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन