मेमू ट्रेन अग्निकांड की जांच तेज, लखनऊ, झाझा और बंगाल से पहुंचीं विशेषज्ञ टीमें

Updated:
विज्ञापन

फोटो - जले कोच की जांच करती टीम | Prabhat Khabar Network

समस्तीपुर-सहरसा मेमू पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग की घटना की जांच अब तेज कर दी गई है. आग के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञ टीमों को बुलाया गया है. क्या आग शॉर्ट सर्किट से लगी या कोई और वजह थी?

विज्ञापन

Samastipur-Saharsa MEMU Fire: सहरसा. समस्तीपुर-सहरसा मेमू पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग की घटना की जांच तेज कर दी गई है. रेलवे ने तकनीकी जांच के लिए लखनऊ, पश्चिम बंगाल और झाझा से विशेषज्ञ टीमों को सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन बुलाया है. तीनों टीमें जले हुए कोच से तकनीकी साक्ष्य एकत्र करने में जुटी हैं.

तकनीकी नमूने जुटाने में लगी विशेषज्ञ टीम

रेल सूत्रों के अनुसार आग से कोच का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह जल चुका है. एयर टैंक, विद्युत आपूर्ति प्रणाली और अन्य तकनीकी उपकरण बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण जांच चुनौतीपूर्ण बनी हुई है. विशेषज्ञ कोच के विभिन्न हिस्सों को काटकर नमूने एकत्र कर रहे हैं, जिन्हें विस्तृत परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जायेगा.

संयुक्त रिपोर्ट मुख्यालय भेजी गयी

विभिन्न विभागों द्वारा की गई जांच के आधार पर संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर रेलवे मुख्यालय भेज दी गई है. हालांकि रेलवे अधिकारियों ने फिलहाल रिपोर्ट की सामग्री या जांच के निष्कर्षों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.

लोको पायलट के बयान की भी हो रही जांच

जांच के दौरान लोको पायलट के बयान में बताया गया कि पहले कोच के नीचे एक ओर धुआं और दूसरी ओर हल्की आग दिखाई दी थी. लेकिन लगभग 10 मिनट के भीतर आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आग इतनी तेजी से कैसे फैली. साथ ही इस पहलू की भी जांच की जा रही है कि कोच में कोई ज्वलनशील या विस्फोटक सामग्री तो मौजूद नहीं थी. हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

धुएं से आग बनने की संभावना पर जांच

जांच एजेंसियां इस संभावना पर भी काम कर रही हैं कि कोच के भीतर पहले धुआं उठा, जो बाद में भीषण आग में बदल गया. विशेषज्ञ टीम इस पूरे घटनाक्रम की तकनीकी जांच कर रही है.

सोमवार को हुई थी घटना

Samastipur-Saharsa MEMU Fire: उल्लेखनीय है कि सोमवार की अहले सुबह 63344 समस्तीपुर-सहरसा मेमू पैसेंजर ट्रेन सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-दो पर क्रॉसिंग के लिए खड़ी थी. इसी दौरान इंजन से सटे एक कोच में अचानक आग लग गई. लोको पायलट मुरारी कुमार और दीपक कुमार ने धुआं देखकर ट्रेन मैनेजर को सूचना दी तथा अग्निशामक यंत्र से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में पूरा कोच आग की चपेट में आकर जलकर नष्ट हो गया.

Also Read : आज से काम पर लौटे EO, 31 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं होने पर फिर आंदोलन की चेतावनी

पटना एयरपोर्ट पर नया नियम लागू, निजी गाड़ियों को पिक एंड ड्रॉप के लिए मिलेंगे 9 मिनट, ज्यादा रुके तो कटेगा चालान


विज्ञापन
Vinay Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन