शार्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का सामान खाक

Published by :Dipankar Shriwastaw
Published at :25 Apr 2026 5:42 PM (IST)
विज्ञापन
शार्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का सामान खाक

शहर के सदर थाना क्षेत्र के रिफ्यूजी चौक पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक हार्डवेयर और सेनेटरी सामान की दुकान में अचानक भीषण आग लग गयी.

विज्ञापन

हार्डवेयर और सेनेटरी सामान की दुकान में अचानक लगी भीषण आग

बड़ी मात्रा में प्लास्टिक पाइप, पेंट्स के डिब्बे व ज्वलनशील सामान रखा था

सहरसा. शहर के सदर थाना क्षेत्र के रिफ्यूजी चौक पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक हार्डवेयर और सेनेटरी सामान की दुकान में अचानक भीषण आग लग गयी. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. घटना के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी और मुख्य सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जुट गयी.

जानकारी के अनुसार, शनिवार को दोपहरबाद रिफ्यूजी चौक से बरियाही जाने वाली सड़क पर स्थित शुभलक्ष्मी ट्रेडर्स नामक दुकान में अचानक धुआं उठने लगा. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. बताया जाता है कि आग बिजली की शॉर्ट सर्किट के कारण लगी. दुकान में सेनेटरी पाइप, पेंट्स और अन्य हार्डवेयर सामान का गोदाम था. जहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक पाइप, पेंट्स के डिब्बे व ज्वलनशील सामान रखा हुआ था. इसी कारण आग तेजी से फैल गयी. लोगों ने जब दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं तो तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची. आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. आग पर काबू पाने के लिए स्थानीय लोगों ने भी दमकल कर्मियों का पूरा सहयोग किया. लोगों ने दुकान के अंदर रखे प्लास्टिक पाइप, पेंट्स के बड़े-बड़े डिब्बे और अन्य सामान को बाहर निकालने का प्रयास किया, ताकि आग और न फैले. मुख्य सड़क के किनारे आग लगने के कारण यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की.

दुकान मालिक धीरेंद्र यादव अपनी दुकान में लगी आग देखकर हतप्रभ हो गये. उन्होंने बताया कि दुकान में काफी मात्रा में सामान रखा हुआ था. जिसमें अधिकांश जलकर नष्ट हो गया. उन्होंने लाखों रुपये के नुकसान की बात बतायी है. लोगों ने बताया कि यदि समय पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचती तो आग आसपास की अन्य दुकानों और मकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन