छह माह से जानलेवा बना था सड़क का गड्ढा, कार फंसने के बाद रातोंरात हुआ भराव
Published by : Dipankar Shriwastaw Updated At : 10 Jun 2026 5:33 PM
सड़क पर बना गहरा गड्ढा पिछले लगभग छह महीनों से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे का कारण बना हुआ था.
सुपर मार्केट पश्चिमी गेट के पास नागरिकों की पहल और डिप्टी मेयर के हस्तक्षेप से हुई कार्रवाई
सहरसा. शहर के मुख्य बाजार स्थित सुपर मार्केट के पश्चिमी गेट एवं जिला गर्ल्स स्कूल के सामने सड़क पर बना गहरा गड्ढा पिछले लगभग छह महीनों से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे का कारण बना हुआ था. स्थानीय लोगों के अनुसार इस गड्ढे की वजह से कई छोटे-बड़े हादसे हुए तथा अनेक लोग चोटिल भी हुए. इसके बावजूद लंबे समय तक इसकी मरम्मत नहीं करायी गयी. सोमवार की देर संध्या एक आवश्यक कार्य से गुजर रही कार उक्त गड्ढे में फंस गयी. हालांकि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और वाहन पलटा नहीं. बाद में क्रेन की सहायता से कार को सुरक्षित बाहर निकाला गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया.नागरिकों ने जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं डिप्टी मेयर से फोन पर संपर्क कर तत्काल कार्रवाई की मांग की. शिकायत मिलने के बाद डिप्टी मेयर की पहल पर देर रात जेसीबी मशीन मौके पर भेजी गयी. स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में वहां मौजूद रहे और गड्ढे को भरकर सड़क को समतल किये जाने के बाद ही वापस लौटे. स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय रहते इस गड्ढे की मरम्मत नहीं की जाती तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता था. उन्होंने सड़क रखरखाव में बरती जा रही लापरवाही पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए. नागरिकों ने यह भी कहा कि समाज की समस्याओं के समाधान के लिए केवल प्रशासन पर निर्भर रहने के बजाय आम लोगों को भी जागरूक होकर आवाज उठानी चाहिए. सामूहिक पहल से ही संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










