साइबर अपराध पर होगी सख्ती, जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव : साइबर डीएसपी

Updated:
विज्ञापन
साइबर अपराध पर होगी सख्ती, जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव : साइबर डीएसपी

जिले के नवनियुक्त साइबर डीएसपी कल्याण आनंद ने योगदान देने के बाद शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान स्पष्ट किया कि साइबर अपराध और साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन

सहरसा. जिले के नवनियुक्त साइबर डीएसपी कल्याण आनंद ने योगदान देने के बाद शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान स्पष्ट किया कि साइबर अपराध और साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध समाज के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है और इससे प्रभावी तरीके से निबटने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है. इसके साथ ही आम लोगों की जागरूकता और सहयोग भी बेहद जरूरी है.

साइबर डीएसपी ने कहा कि साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता है. यदि लोग सतर्क रहें और आवश्यक सावधानियों का पालन करें तो वे न केवल साइबर अपराध का शिकार होने से बच सकते हैं, बल्कि अपनी मेहनत की कमाई और निजी जानकारी को भी सुरक्षित रख सकते हैं.

अंजान नंबर से आने वाली संदिग्ध कॉल पर भरोसा नहीं करें

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अंजान नंबर से आने वाली संदिग्ध कॉल पर भरोसा नहीं करें और न ही ऐसे कॉल पर अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करें. इसके अलावा किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें, क्योंकि इससे मोबाइल या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साइबर अपराधियों के हाथ लग सकती है.

श्री आनंद ने कहा कि निजी डाटा किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना चाहिए. मोबाइल फोन में महत्वपूर्ण और गोपनीय जानकारियां असुरक्षित तरीके से संग्रहित करने से भी बचना चाहिए. उन्होंने सलाह दी कि किसी भी मोबाइल एप्लिकेशन को डाउनलोड या इंस्टॉल करने से पहले उसके नियम एवं शर्तों (टर्म्स एंड कंडीशंस) को ध्यानपूर्वक पढ़ें. बिना जानकारी के किसी एप को स्वीकार या इंस्टॉल करना भविष्य में नुकसान का कारण बन सकता है.

साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्कता व जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार

उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है. यदि लोग सावधानी बरतें और समय-समय पर जारी सुरक्षा सलाह का पालन करें तो साइबर अपराध की घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है. साथ ही उन्होंने लोगों से किसी भी साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की.

विज्ञापन
दीपांकर श्रीवास्तव

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन