ePaper

दिन भर कुहासे की चादर में लिपटा रहा शहर, ठंडी हवा ने किया परेशान

Updated at : 03 Jan 2026 6:05 PM (IST)
विज्ञापन
दिन भर कुहासे की चादर में लिपटा रहा शहर, ठंडी हवा ने किया परेशान

पिछले दो दिन दिन में धूप खिलने से जहां लोगों को बड़ी राहत मिली थी. वहीं शनिवार को मौसम ने करवट लेते एक बार फिर से ठंड से ठिठुरने पर लोगों को विवश कर दिया.

विज्ञापन

दो दिनों की राहत के बाद फिर से लौटी ठंड, गरीबों की बढ़ी परेशानी, चौक-चौराहे पर जल रहे अलाव

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक पारा लुढ़कने की जतायी संभावना

सहरसा. पिछले दो दिन दिन में धूप खिलने से जहां लोगों को बड़ी राहत मिली थी. वहीं शनिवार को मौसम ने करवट लेते एक बार फिर से ठंड से ठिठुरने पर लोगों को विवश कर दिया. इस पर तेज पछुआ हवा से जनजीवन परेशान हो उठा है. पिछले लगभग 15 दिनों से जारी शीतलहर के बीच गुरुवार एवं शुक्रवार को दिन में धूप खिलने से लोगों को बड़ी राहत मिली थी. किसानों को भी बड़ी राहत मिली थी, लेकिन फिर से मौसम में बदलाव से उनकी भी परेशानी बढ़ गयी है. लोग घरों से निकल नहीं पा रहे हैं. ठंड से दैनिक मजदूरों को मजदूरी तक नहीं मिल पा रही है, जिससे मजदूरों के घरों के चूल्हे भी ठंडे होने लगे हैं. दूसरी बार ठंड के फिर से विकराल रूप अख्तियार करने से बाजार पर भी असर पड़ा है. बाजार में लोगों के नहीं पहुंचने से बिक्री पर भी असर दिख रहा है. चौक चौराहों पर अलाव के सहारे लोग ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं. सडकों पर वाहनों की रफ्तार ठहर सी गयी है.

न्यूनतम तापमान रहा 8.3 डिग्री

तापमान जहां न्यूनतम 8.3 डिग्री तक जा पहुंचा है. वहीं इस पर बह रही पछुआ हवा से गरीबों का जीना मुहाल हो गया है. सरकारी राहत के नाम पर अलाव की व्यवस्था ना के बराबर है. सूर्य भगवान के दर्शन नहीं होने से गरीबों का जीवन यापन की समस्या उत्पन्न हो गयी है. अपने बूते कुछ लोग चौक चौराहे पर अलाव की व्यवस्था कर ठंड से बचने के प्रयास कर रहे हैं. वहीं मौसम विभाग ने अगले सात जनवरी तक कड़ाके की ठंड की संभावना जतायी है. आलू की फसल में पाला लगने से समय से पूर्व ही पौधे सूखने लगे हैं. इस सूखती फसल को देख किसानों में मायूसी छा रही है. वहीं गेहूं की फसल को बढ़ती ठंड से काफी लाभ पहुंचा है, जबकि मक्का, चना, मसूर एवं सरसों की फसल को क्षति पहुंच रही है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार दिन कुहासा के साथ शीतलहर चलने की संभावना है. इस दौरान पछुआ हवा चलने के कारण कोल्ड डे जैसा मौसम रहने का अनुमान है. किसान से मक्का की फसल में निकाईं-गुडाई के बाद सिंचाई करने की सलाह दी गयी है. राजमा एवं आलू की फसल में पाला लगने की संभावना बढ़ रही है. पाला से बचाने के लिए इंडोफिल एम पानी में मिलाकर स्प्रे करने एवं आम के पौधों में मधुआ किट की निगरानी करने की सलाह दी गयी है.

तेज हवा ने लोगों को घरों में किया कैद

पिछले दो दिन जहां कड़ाके की ठंड के बीच दिन में धूप खिलने से आम लोगों को थोड़ी राहत मिल रही थी, लेकिन फिर से सूर्य भगवान के दर्शन तक नहीं हो रहे हैं. वहीं पछुआ हवा के कारण बढ़ी ठंड ने लोगों को घरों में कैद कर दिया. अन्य दिनों की भांति सड़कों पर आवाजाही काफी कम रही. अगवानपुर कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विभाग के तकनीकी पदाधिकारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि मौसम में आये बदलाव को लेकर अगले सात जनवरी तक ठंड बढ़ने की संभावना है. शनिवार को जहां अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री रहा. वहीं न्यूनतम 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा. उन्होंने कहा कि अगले चार दिन इस तरह का मौसम रहेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन