धधकी आग, लाखों की फसल जल कर राख

Published at :11 Apr 2017 5:28 AM (IST)
विज्ञापन
धधकी आग, लाखों की फसल जल कर राख

हादसा. पछुआ हवा बनी आफत, शॉर्ट-सर्किट से ज्यादा खतरा बक्सर/नावानगर/केसठ/सिमरी/ब्रह्मपुर : सोमवार को भी जिले के कई प्रखंडों में अग्नि का कहर जारी रहा. प्रखंड के कई इलाकों में आग की चपेट में आकर लाखों रुपये मूल्य के अनाज जल कर खाक हो गये. वहीं, कहीं पर कई लोगों के आशियाने भी उजड़ गये. जिले […]

विज्ञापन

हादसा. पछुआ हवा बनी आफत, शॉर्ट-सर्किट से ज्यादा खतरा

बक्सर/नावानगर/केसठ/सिमरी/ब्रह्मपुर : सोमवार को भी जिले के कई प्रखंडों में अग्नि का कहर जारी रहा. प्रखंड के कई इलाकों में आग की चपेट में आकर लाखों रुपये मूल्य के अनाज जल कर खाक हो गये. वहीं, कहीं पर कई लोगों के आशियाने भी उजड़ गये. जिले में आग का तांडव जारी है. बिजली की शॉर्ट-सर्किट भी किसानों के फसलों पर कहर बनकर गिर रही है. अब तक अगलगी की भेंट करोड़ों रुपये की संपत्ति चढ़ गयी है. सोमवार को चौसा, नावानगर, केसठ, ब्रह्मपुर, सिमरी प्रखंड के कई जगहों पर आग ने अपना कहर बरपाया.
ब्रह्मपुर में अगलगी की घटना में दो मवेशी भी जल गये. जबकि नावानगर में सात एकड़ में लगी गेहूं तथा केसठ और सिमरी में लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जल कर खाक हो गयी. जिले में अग्निपूर्ण का रूप विकराल हो गया है. ऐसे में पछुआ हवा का साथ मिलने से आग पर काबू पाने में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जिला प्रशासन ने ऐहितयात के तौर पर आठ बजे के पहले ही खाना बना लेने का निर्देश दिया है, ताकि कुछ हद तक आग पर काबू पाया जा सके.
अगलगी से गेहूं की 40 बोझे राख : चौसा. प्रखंड की चुन्नी पंचायत स्थित कनक नारायणपुर गांव के बधार में अचानक आग लगने से खेत में रखे गेहूं के दर्जनों बोझे जल कर राख हो गये. ग्रामीणों ने बताया कि नरबतपुर गांव में कृष्णा यादव के खेत में सोमवार की दोपहर अचानक आग लग गयी. जबतक लोग आग को बुझाते तबतक उक्त खेत में रखे गेहूं के 40 बोझे जल कर राख हो गये. ग्रामीणों ने बताया कि अगर पास में बोरिंग नहीं होती, तो आग पूरे बधार में फैल सकती थी.
हवन से निकली चिनगारी से फसल स्वाहा : नावानगर स्थानीय थाना के रूपसागर गांव में आग लग जाने से गांव के मधेश्वर तिवारी एवं उदल पांडेय के कुल सात एकड़ गेहूं का फसल जल कर खाक हो गया. आग लगने का कारण खेत के बगल में ब्रह्म स्थान पर महिलाओं द्वारा की गयी पुजा-अर्चना में जलाये गये हवन से यह घटना हुई. ग्रामीणों ने कड़ी मेहनत करके आग पर काबू पा लिया. घटना की सूचना ग्रामीण मनोज कुमार सिंह तथा पंचायत के मुखिया पंकज कुमार सिंह द्वारा अंचलाधिकारी नावानगर मो अली अहमद तथा नावानगर थाना को दी, जहां मौके पर पहुंचे नावानगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने आग बुझाने ग्रामीणों की मदद की.
आग की चपेट में आकर दो मवेशी झुलसे : ब्रह्मपुर. प्रखंड के ब्रह्मपुर पश्चिम टोला में सोमवार की दोपहर एक पलानी में अचानक आग लग जाने के कारण उसमें बांधी गयी एक गाय, उसका बछढ़ा और एक भैंस का बच्चा झुलसकर मर गये.आग लगने का कारण नहीं पता चल सका. ब्रह्मपुर गांव निवासी धनजी यादव गांव के बाहर मवेशियों के रहने के लिए पलानी लगाये हैं, जिसमें भूसा, गोइठा आदि रखा हुआ था और उसमें एक गाय का बछड़ा और एक भैंस का बछड़ा बांधा गया था. घरवाले गेहूं की कटनी में खलिहान में थे. इस बीच अचानक पलानी में आग लग गयी और जब तक घरवालों को पता चलता, दोनों पशु जल कर मर गये. आग लगने की जानकारी मिलते ही अंचलाधिकारी श्रीभगवान सिंह घटनास्थल पर जाकर पीड़ित व्यक्ति को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिये.
क्षति आकलन को लेकर टीम हुई गठित, मिलेगा मुआवजा : आग से हुई क्षति के आकलन को लेकर सीओ के नेतृत्व में टीम का गठन कर दिया गया है. क्षति आकलन के बाद अग्निपीड़ित परिवारों को नियमानुकूल मुआवजे की राशि दी जायेगी, ताकि अग्निपीड़ित परिवारों को राहत सामग्री जल्द-से-जल्द मिल सके. प्रभारी जिलाधिकारी मो. मोबिन अली अंसारी ने सभी सीओ को जल्द-से-जल्द क्षतिपूर्ति का आकलन कर मुआवजे की राशि देने का निर्देश दिया है.
सोमवार को चौसा, नावानगर, ब्रह्मपुर, केसठ, सिमरी में लगी आग
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन