पश्चिमी सिंहभूम में सेल प्रबंधन और युवाओं के बीच ठनी: साढ़े 12 घंटे तक सड़क बाधित, अब 5 मई को बैठक

Updated:
विज्ञापन
West SinghBhum News

युवाओं से वार्ता करती पुलिस

West SinghBhum News: चाईबासा के गुवा सेल खदान क्षेत्र में सोमवार को बेरोजगारी के खिलाफ बड़ा उबाल देखने को मिला. 12 गांवों के मुंडा-मानकी के नेतृत्व में 500 युवाओं ने बहाली की मांग को लेकर साढ़े 12 घंटे तक चक्का जाम किया. सेल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की लंबी मशक्कत और 5 मई को होने वाली निर्णायक बैठक के लिखित आश्वासन के बाद जाम हटा. देखिए कैसे गुवा खदान क्षेत्र में पूरे दिन आवागमन ठप रहा.

विज्ञापन

West SinghBhum News, गुवा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के अंतर्गत गुवा सेल खदान क्षेत्र में सोमवार को स्थानीय युवाओं का आक्रोश फूट पड़ा. क्षेत्र के 12 गांवों के मुंडा-मानकी के बैनर तले लगभग 500 बेरोजगार युवाओं ने बहाली की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया. सोमवार तड़के 4 बजे शुरू हुआ यह आंदोलन पूरे क्षेत्र में इतना प्रभावी रहा कि मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे खदानों से लेकर आम आवाजाही तक पूरी तरह ठप हो गई.

वार्ता के कई दौर रहे विफल, बना रहा तनाव

चक्का जाम की सूचना मिलते ही सेल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. आंदोलनकारियों को समझाने और जाम समाप्त कराने के लिए कई दौर की वार्ता की गई, लेकिन स्थानीय युवा अपनी मांगों पर अड़े रहे, शुरुआती बातचीत में किसी ठोस परिणाम के न निकलने के कारण क्षेत्र में घंटों तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और प्रबंधन के प्रति युवाओं की नाराजगी बढ़ती रही.

Also Read: झारखंड के CM को झारग्राम में उतरने से रोका! रैली नहीं कर पाए हेमंत-कल्पना, TMC ने प्रधानमंत्री को घेरा

प्रशासनिक हस्तक्षेप और 5 मई का अल्टीमेटम

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ब्लॉक वेलफेयर ऑफिसर (मजिस्ट्रेट) विनोद कुमार ने कमान संभाली. उनकी अध्यक्षता में आंदोलन स्थल पर ही एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सेल के वरीय अधिकारियों और मुंडा-मानकी प्रतिनिधियों ने भाग लिया. लंबी जद्दोजहद के बाद यह सहमति बनी कि आगामी 5 मई को सेल के सीएसआर (CSR) क्षेत्र के सभी 18 गांवों के मुंडा-मानकी के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की जाएगी, जिसमें बहाली और अन्य समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा.

लिखित आश्वासन पर थमा प्रदर्शन

सेल प्रबंधन द्वारा आगामी बैठक के लिए लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद ही आंदोलनकारी चक्का जाम खत्म करने को तैयार हुए. करीब साढ़े 12 घंटे तक चले इस भारी गतिरोध के बाद शाम 4:30 बजे आवागमन सुचारू रूप से शुरू हो सका. इस दौरान किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार और सेल के एचआर महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे. प्रबंधन के लिए अब 5 मई की बैठक साख का सवाल बन गई है.

Also Read: गढ़वा पहुंचा टीम इंडिया का ‘स्पीड स्टार’ आकाशदीप: सेल्फी के लिए मची ऐसी होड़ कि बुलानी पड़ी पुलिस

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola