सीसीआरटी स्कॉलरशिप योजना के तहत लोक नृत्य विधा में किलकारी की पुष्पांजलि का हुआ चयन

लोक नृत्य विधा में किलकारी की पुष्पांजलि का हुआ चयन
किलकारी परिवार ने दी बधाई व शुभकामना सहरसा . किलकारी बिहार बाल भवन से जुड़ी प्रतिभाशाली छात्रा पुष्पांजलि कुमारी का चयन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अधीन संचालित प्रतिष्ठित सीसीआरटी स्कॉलरशिप योजना के तहत लोक नृत्य विधा में हुआ है. यह उपलब्धि किलकारी बिहार बाल भवन के लिए गर्व का विषय है. जहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर पुष्पांजलि ने यह मुकाम हासिल किया है. साथ ही यह उनके विद्यालय राजकीय कन्या मध्य विद्यालय के लिए भी गौरव का क्षण है कि उनकी छात्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. सीसीआरटी भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण संस्था है, जो देशभर के बच्चों में कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्य करती है. इस योजना के तहत संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला, लोक व पारंपरिक कलाओं सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभाशाली बच्चों का चयन कर उन्हें छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है. जिससे वे अपनी कला को और बेहतर ढंग से विकसित कर सके. पुष्पांजलि कुमारी एक साधारण एवं मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं व पिछले दो वर्षों से किलकारी बिहार बाल भवन से जुड़कर लोक नृत्य का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है. किलकारी में बच्चों को विभिन्न कलाओं में निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है. जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चे भी अपनी प्रतिभा को निखार सके. पुष्पांजलि की यह सफलता इसी प्रशिक्षण, उनकी मेहनत व समर्पण का प्रतिफल है. इस मौके पर किलकारी के सीपीसी प्रणव भारती ने कहा कि पुष्पांजलि की सफलता यह दर्शाती है कि किलकारी में दिये जा रहे निशुल्क प्रशिक्षण एवं सही मार्गदर्शन के माध्यम से बच्चे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं. यह अत्यंत गर्व का क्षण है एवं अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा भी है. उन्होंने कहा कि लोक नृत्य प्रशिक्षक आर्ची राज का योगदान इस सफलता में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है. उनके निरंतर मार्गदर्शन एवं मेहनत ने पुष्पांजलि को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है. किलकारी परिवार की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गयी. इस वर्ष बिहार से कुल 18 बच्चों का चयन सीसीआरटी स्कॉलरशिप के लिए हुआ है. जिनमें से 13 बच्चे किलकारी बिहार बाल भवन के विभिन्न केंद्रों, प्रमंडलों से जुड़े हैं. किलकारी परिवार ने पुष्पांजलि कुमारी सहित सभी चयनित बच्चों को बधाई देते उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की एवं विश्वास व्यक्त की है कि वे आगे भी अपनी प्रतिभा से राज्य एवं देश का नाम रोशन करेंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




